Sunday, April 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : वाहनों की आरसी को स्मार्ट कार्ड की तरह बनाने...

UP News : वाहनों की आरसी को स्मार्ट कार्ड की तरह बनाने की तैयारी, परिवहन विभाग ने गठित की कमेटी

लखनऊ (हि.स.)। परिवहन विभाग अब वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र (आरसी) को स्मार्ट कार्ड की तरह बनाने की तैयारी कर रहा है। राजधानी लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) और पैन कार्ड की तरह जल्द आरसी भी बनेगी। इसके लिए वित्त नियंत्रक की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है।
परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि लखनऊ सहित पूरे उत्तर प्रदेश में वाहनों की आरसी को स्मार्ट लुक देने के लिए परिवहन विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। वित्त नियंत्रक की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी तय करेगी कि आरसी में चिप लगाई जाएगी या फिर इसे लैमिनेटेड कार्ड के रूप में तैयार किया जाएगा। स्मार्ट आरसी की कीमत करीब 200 रुपये होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि नई आरसी में पहले की तरह एक पेज वाला लंबा-चौड़ा पंजीयन प्रमाण पत्र नहीं बल्कि पॉकेट और पर्स में रखे जाने वाले कार्ड का रूप दिया जाएगा। इसके लिए दूसरे राज्यों और आस-पास के जिलों से भी जानकारी मंगाई गई है। इसके अलावा स्मार्ट आरसी बनाए जाने के लिए एनआईसी से भी बातचीत हो चुकी है।
अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के जिलों और अन्य प्रांतों से सूचनाएं प्राप्त होते ही कमेटी अपनी रिपोर्ट परिवहन आयुक्त को सौंप देगी। रिपोर्ट मिलने के बाद आरसी को आखिरी रूप दिया जाएगा।
परिवहन आयुक्त धीरज साहू ने बताया कि धीरे-धीरे पूरी प्रणाली ऑनलाइन होती जा रही है। डीएल समेत दूसरे कागजात भी स्मार्ट कार्ड की तरह हो गए हैं। ऐसे में अब वाहनों के पंजीयन प्रमाण पत्र को भी स्मार्ट बनाने की दिशा में काम शुरू हो गया है। कमेटी गठित कर दी गई है। रिपोर्ट मिलते ही इसे अंतिम रूप दे दिया जाएगा। दरअसल, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग वाहनों की आरसी को स्मार्ट लुक देने जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular