Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : लोक सेवा आयोग ने एक अनुक्रमांक के दो...

UP News : लोक सेवा आयोग ने एक अनुक्रमांक के दो उत्तर पत्रक मिलने पर की कार्रवाई

प्रयागराज (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग, प्रयागराज द्वारा सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा का अंतिम परीक्षाफल 26 मार्च 21 को घोषित किया गया था। चयन संस्तुति 25 जून 21 को शासन को भेज दी गयी। लेकिन उक्त परीक्षा के एक केन्द्र पर शील्ड पैकेट में एक अनुक्रमांक के दो उत्तर पत्रक पाये गये। जिस पर आयोग ने कार्रवाई की है।

आयोग के परीक्षा नियंत्रक अरविन्द कुमार मिश्र ने मंगलवार को बताया कि उक्त परीक्षा प्रदेश के पांच जनपदों के 292 परीक्षा केन्द्रों पर करायी गयी थी। उक्त परीक्षा के एक परीक्षा केन्द्र बाबू जेआरडी पाल इण्टर कालेज मनसैता प्रयागराज (केन्द्र कोड-03/88) से परीक्षा के बाद, केन्द्र पर्यवेक्षक से प्राप्त द्वितीय सत्र के शील्ड पैकेट में एक ही अनुक्रमांक के दो उत्तर पत्रक पाये गये। इस सम्बंध में आयोग द्वारा जांच की गयी थी। जिसमें केन्द्र पर्यवेक्षक, सम्बंधित अन्तरीक्षक एवं सम्बंधित अभ्यर्थी को अपना-अपना पक्ष आयोग के सक्षम अधिकारी के समक्ष मौखिक और लिखित रखने का अवसर दिया गया। साक्ष्यों एवं बयानों के आधार पर आयोग द्वारा जांच में सभी सम्बंधित पक्षों को दोषी पाया गया और विधि अनुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्यवाही की गयी।

परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि आयोग द्वारा निर्णय लिया गया कि सम्बंधित अभ्यर्थी को आयोग की समस्त परीक्षाओं से सदैव के लिए निषिद्ध किया जाता है। सम्बंधित केन्द्र को भी भविष्य में आयोग की समस्त परीक्षाओं से वंचित किया जाता है तथा अन्य सभी आयोगों को भी आवश्यक समुचित कार्यवाही के लिए पत्र भेजा जायेगा। इसके साथ ही विद्यालय की मान्यता समाप्त करने के लिए तथा सम्बंधित पदाधिकारियों को अन्य विद्यालयों में भी कोई दायित्व न देने के लिए शासन को पत्र लिखा जायेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular