शिक्षा सुधार के लिए प्रतिदिन होंगे दो-दो कॉलेजों के परीक्षण
प्रयागराज (हि.स.)। जिले की बालिका कॉलजों में गुणवत्तापरक शिक्षा से किसी प्रकार समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले प्रधानाचार्य और शिक्षकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। यह बातें नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय नरेन्द्र शर्मा ने बुधवार को हिन्दुस्थान समाचार प्रतिनिधि से वार्ता के दौरान कही। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही प्रदेश सरकार की मिशन शक्ति योजना के तहत बालिकाओं का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। ताकि कालेज की छात्राएं सबल बनकर देश व समाज की दिशा में योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि कॉलेजों में पठन-पाठन और छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए कॉलेज संचालकों को निर्देश दिए गए हैं।
सीतापुर डीआईओएस के पद से स्थानांतरित श्री शर्मा ने बताया कि आज के माहौल में बालिकाओं को अच्छी शिक्षा तभी दी जा सकती है, जब इनकी सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित हो। इसके लिए प्रतिदिन दो-दो कॉलेजों के निरीक्षण अभियान चलाए जा रहे हैं। कोविड-19 के कारण जिन कालेजों में छात्राओं की संख्या कम है या छात्राएं विद्यालय नहीं आ रही हैं, वहां के प्रधानाचार्य को अभिभावकों को जागरूक करने की सलाह दी। कहा कि आज शिक्षा के क्षेत्र में छात्राओं की संख्या व परिणाम में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। मंगलवार को पदभार ग्रहण किये श्री शर्मा ने कर्मचारियों के साथ विभागीय कार्यों की समीक्षा की और बेहतर व पारदर्शी तरीके से कार्य करने की हिदायत दी।
Submitted By: Vidyakant Mishra Edited By: Rajesh Kumar Tiwari
