मेरठ (हि.स.)। मेरठ कॉलेज के एक सप्ताह से लापता छात्र की बरामदगी नहीं होने पर मंगलवार को छात्र और कॉलेज के कर्मचारी सड़क पर उतर आए। कमिश्नरी चौराहे पर प्रदर्शन करके उन्होंने छात्र की बरामदगी की मांग की। ऐसा नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
मेरठ कॉलेज के कर्मचारी नारायण हरि शर्मा का पुत्र विष्णु शर्मा 14 सितम्बर को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस भी अभी तक उसका कुछ पता नहीं लगा पाई। इससे कर्मचारियों और छात्रों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मंगलवार को मेरठ कॉलेज के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए कमिश्नरी पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कॉलेज के छात्र भी उनके साथ आ गए और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले में लापरवाही बरत रही है और ठोस कार्रवाई नहीं कर रही। इसी कारण विष्णु का कुछ पता नहीं चल पा रहा। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने कर्मचारियों और छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त किया गया। पुलिस ने लापता छात्र का जल्दी पता लगाने का आश्वासन दिया।
