देवरिया (हि.स.)। कोरोना संक्रमण के कारण शापिंग मॉल को बंद करने का आदेश है। इसके बाद भी गुरुवार को रामलीला मैदान स्थित एसएस मॉल खुला रहा और खरीददारों की भीड़ लगी रही।
सीओ सिटी और एसडीएम ने गश्त के दौरान मॉल के खुले होने और उसमें भीड़ देख कर दंग रह गए। शॉपिंग माल सीज कर दिया। शॉपिंग माल में कार्य करने वाले तीन लोगों के विरुद्ध अलग-अलग धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
एसडीएम सौरभ सिंह और क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयश त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ गुरुवार को गश्त कर रहे थे। अभी वह शहर के रामलीला मैदान में ही पहुंचे थे कि एसएस शॉपिंग माल का शटर खुला हुआ था, जहां लोगों की भीड़ लगी हुई थी। दोनों अधिकारी के साथ एसएस मॉल के अंदर पहुंचे तो भीड़ देख कर दंग रह गए। पुलिस को देखकर दुकान में मौजूद लोग बाहर निकल कर भागने लगे। पुलिस ने सभी को रोककर गिनती कराई तो मॉल के अंदर लगभग दो सौ लोग मौजूद थे। जिसमें डेढ़ सौ के करीब ग्राहक और 40 मॉल के सेल्समैन थे।
अधिकारियों ने मॉल के मैनेजर से पूछताछ किया तो अनलॉक की बात अधिकारियों से करने लगा। पुलिस ने कोविड नियमों का पालन नहीं करने और कोरोना संक्रमण को देखते हुए शासन ने अनलॉक में शॉपिंग माल और जिम खोलने पर प्रतिबंद्ध है। इसके बाद भी एसएस मॉल को खोलकर संचालन किया जा रहा था।
इसे एसडीएम सौरभ सिंह ने गंभीरता से लेते हुए एसएस मॉल को सीज कर दिया। इसके साथ ही क्षेत्राधिकारी सदर श्रीयश त्रिपाठी ने मॉल के तीन कर्मचारियों के विरुद्ध कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया।
कोतवाली पुलिस ने एसएस मॉल के मैनेजर मनोज पाण्डेय, सेल्समैन अनिल यादव और सुरक्षाधिकारी राघवेन्द्र सिंह के विरुद्ध महामारी अधिनयम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
