-चल रहे निर्माण कार्यों को पुश ट्राली से देखा, स्पीड ट्रायल भी किया
वाराणसी (हि.स.)। रेलवे प्रशासन वाराणसी मंडल के वाराणसी सिटी-छपरा रेल खण्ड पर चल रही दोहरीकरण परियोजना को लेकर गंभीर है। नन्दगंज-तरांव(09 किमी) रेल खण्ड में नवनिर्मित दूसरी लाइन एवं विद्युतिकृत खण्ड के संरक्षा को परखने गुरुवार को रेल संरक्षा आयुक्त, लखनऊ (उत्तर पूर्वी सर्किल ) मो. लतीफ खान अपने स्पेशल निरीक्षण यान से गाजीपुर के नन्दगंज रेलवे स्टेशन पहुंचे।
यहां संरक्षा आयुक्त ने नन्दगंज रेलवे स्टेशन पर दोहरी लाइन पर यातायात प्रबंधन के लिए गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने 25000 वोल्ट 50 हर्ट्ज ए सी कर्षण ट्रैक्शन लाइन, समेत विद्युतीकरण कार्यों, नए पैदल उपरिगामी पुल, यात्री सुविधाओं, प्लेटफार्म लेंथ, स्टेशन मास्टर कक्ष आदि का निरीक्षण कर संरक्षा को भी परखा।
यहां से मुख्य संरक्षा आयुक्त पुश ट्राली से नन्दगंज-तरांव रेल खण्ड पर 25000 वोल्ट 50 हर्ट्ज ए सी कर्षण लाइन फिटिंग्स, साइटिंग बोर्ड, ओवर हेड लाइन, पावर फिडर, समपार फाटकों, कर्वेचर, पुल पुलियाओं के स्टैंडर्ड मानकों का परीक्षण करते हुए तरांव स्टेशन पहुंचे। यहां दोनों ब्लॉक सेक्शन के मध्य दोहरीकृत रेल खण्ड का स्टैंडर्ड मानकों के अनुसार नई लाइन फिटिंग्स और उसपर संस्थापित नये सिगनलों, टर्न आउट्स, बैलास्टिंग एवं पैकिंग, कर्वेचर पर पर्याप्त क्लियरेंस, पॉइंट्स एंड क्रासिंग आदि का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के बाद रेल संरक्षा आयुक्त ने तरांव से नन्दगंज तक दोहरीकरण एवं ए सी कर्षण द्वारा विद्युतीकरण कार्य का विद्युत लोको चालित सीआरएस स्पेशल यान द्वारा सफल स्पीड ट्रायल किया। मात्र 10 मिनटों में तरांव से नन्दगंज की दूरी तय की गई। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण आर.के.यादव, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर ए.के.शुक्ला, मंडल रेल प्रबंधक विजय कुमार पंजियार, उप मुख्य संरक्षा अधिकारी,सिगनल बलबीर यादव, दूरसंचार इंजीनियर निर्माण ए. के. पांडेय आदि अफसर भी मौजूद रहे।
