सभी एक सोच से प्रेरित होकर कार्य करने लगे, यही राष्ट्रवाद : केपी सिंह
प्रयागराज (हि.स.)। मुक्त विवि में आजादी के 75वें अमृत महोत्सव के अवसर पर राष्ट्रधर्म एवं राष्ट्रवाद विषय पर मुख्य अतिथि इलाहाबाद हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति रणविजय सिंह ने कहा कि हम विश्व गुरु तभी हो सकते हैं जब हमारे अंदर समता, समरसता और सरलता का भाव हो। उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे अपने मस्तिष्क का उपयोग राष्ट्रवाद के लिए करें। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय, प्रयागराज में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने आगे कहा कि ‘सर्वे भवंतु सुखिनः’ को मानने एवं पालन करने वाले हम सभी अखिल ब्रह्मांड में व्याप्त हैं। लेकिन वर्तमान दौर में अत्यधिक सतर्कता और सजगता की आवश्यकता है। उन्होंने राष्ट्रवाद का उदाहरण देते हुए बताया कि सुभाष चंद्र बोस के एक आह्वान पर जनमानस अपना सर्वस्व न्योछावर करने के लिए तत्पर रहता था, यही राष्ट्रवाद है। उन्होंने कहा कि हमारा चिंतन समष्टिपरक है, इस कारण हम कभी भी विभेद कर ही नहीं सकते। हमारी संस्कृति में तो जीव के साथ-साथ प्राणी मात्र के कल्याण का भी विषय छुपा हुआ रहता है। जब हम विश्व कल्याण की बात करेंगे तो हमारा कल्याण स्वयं हो जाएगा।
विशिष्ट अतिथि प्रयागराज जोन के पुलिस महानिरीक्षक कविंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि किसी देश की पहचान उसके धर्म से ही होती है और बहुसंख्यक लोगों के आधार पर देश का धर्म बनता है। हमें इस बात की खुशी है कि आजादी के 75वें वर्ष पर आयोजित होने वाले अमृत महोत्सव में हम सभी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब राष्ट्र में रहने वाले लोगों की मान्यताएं, धर्म, संस्थाएं इत्यादि एक सोच से प्रेरित होकर कार्य करने लगे तो वही राष्ट्रवाद है। उन्होंने कहा कि जब लोग गंभीरता से देश के कानून, परंपराएं एवं मान्यताओं को मानने लगते हैं तो इसे ही प्रखर राष्ट्रवाद कहा जाता है। लोग अपने अपने क्षेत्रों के मूल्यों का ईमानदारी से पालन करें तो इससे बढ़कर दूसरा राष्ट्रवाद नहीं हो सकता। हमारी पहचान इसलिए है कि हम सनातन हैं।
अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रोफेसर कामेश्वर नाथ सिंह ने कहा कि भूख, भय और भ्रष्टाचार जब तक हमारे देश से मिटेगा नहीं तब तक हम सही मायने में स्वतंत्रता की कल्पना नहीं कर सकते। उन्होंने भारतीय और पश्चिमी विचारधारा में अंतर करते हुए बताया कि पश्चिम की विचारधारा नस्ल से प्रभावित है, जबकि हमारी विचारधारा संस्कृति के प्रवाह से प्रभावित है। उन्होंने कहा कि सुख-दुःख के सम्भाव से ही देश का धर्म बनता है और यही राष्ट्रवाद है। संचालन डॉ.सुरेंद्र कुमार एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ.सतीश चंद जैसल ने किया।
UP News : राष्ट्रवाद के लिए करें मस्तिष्क का उपयोग : न्यायमूर्ति
RELATED ARTICLES
