लखनऊ (हि.स.)। अयोध्या में राम मंदिर निमार्ण कार्य के बीच चल रहे जमीन विवाद को लेकर विपक्ष पार्टियों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार किया है। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि जिनकी राजनीति, काम-काज और कार्यशैली ही भ्रष्टाचार की रही है, जिन्होंने अपनी सरकारों में खुले तौर पर स्वयं को रामद्रोही साबित किया है, वे भगवान राम व उनके नाम पर हो रहे काम पर ट्रस्ट कैसे कर सकते हैं।सपा मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि आज वे लोग आस्था व निष्ठा की बात कर रहे हैं, जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं। जो तुष्टिकरण व वोटबैंक के डर से रामनगरी अयोध्या जाना तो दूर उसका नाम अपनी जुबान पर लाने से डरते थे। ऐसे लोग विश्वभर के करोड़ों रामभक्तों के आस्था के प्रतीक श्रीराम मंदिर के निर्माण में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास न करें ऐसा कैसे संभव है।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस के युवराज के आज बोल फूट रहे हैं। जबकि केंद्र में जब उनकी सरकार थी तो उनके मंत्री सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दे रहे थे कि मंदिर न बने। वे भगवान राम के अस्तित्व के सबूत मांगते थे। लेकिन, अखिलेश हों या राहुल, उनको नहीं भूलना चाहिए कि केंद्र और प्रदेश दोनों ही जगह अब रामभक्तों की सरकार है और भगवान राम के काज में कोई बाधा नहीं आएगी।
