लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल और विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने प्रदेशवासियों को ईद-उल-अजहा (बकरीद) के अवसर पर हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी है।
राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने अपने बधाई सन्देश में कहा है कि ईद-उल-अजहा का पर्व त्याग और बलिदान के प्रति आदर व्यक्त करने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे पर्वों के माध्यम से सभी को खुशियां बांटने की प्रेरणा लेनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व सभी लोग कोरोना महामारी को दृष्टिगत रखते हुए कोविड बचाव के नियमों का पालन करते हुए ही मनाएं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने अपने संदेश में कहा है कि ईद-उल-अजहा (बकरीद) इस्लाम धर्म में विश्वास करने वाले लोगों का प्रमुख त्यौहार है। कोरोना महामारी के दृष्टिगत सामाजिक दूरी बनाये रखते हुए इस दिन को आपसी सौहार्द एंव हर्षोल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए।
