रायबरेली (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी ने मंगलवार को कहा कि रायबरेली और अमेठी एक राजनीतिक पार्टी के मुखिया के परिवार का राजनीतिक केंद्र रहा है बावजूद इसके यहां के विकास कार्य लंबित रहे हैं। अब उन्हें संतोष है कि वह इस क्षेत्र में विकास को गति दे रही हैं। 12 आंगनबाड़ी केन्द्रों का बनना यह साबित करता है कि यह क्षेत्र लगातार उपेक्षित रहा है।
स्मृति ईरानी ने सलोन तहसील में विकास योजनाओं के लोकापर्ण बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्षेत्र की जनता के सामने मौजूद चुनौतियों से निपटने के लिए वह यह बैठक की है। जिसमें विकास की कई योजनाओं की संस्तुति की गई है। उन्होंने कहा कि पेयजल, सड़क, समाज कल्याण की योजनाओं के सही क्रियान्वयन व जनता की समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने के लिए प्रशासनिक अधिकारियों से बात की। किसानों के सम्मान व उनकी समस्याओं को हल करने के लिए भी कहा गया।किसानों के डिजिटल भुगतान में बेहतर काम करने पर उन्होंने डीएम वैभव श्रीवास्तव की सराहना भी की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह सरकार प्रगतिशील सरकार है जोकि जनता के हित को महत्व देती है और उन्हें उम्मीद और संतोष है कि वह जनता की उम्मीदों पर खरे उतरे रहे हैं। जनता का प्रेम भाजपा सरकार को मिल रहा है।
इसके पहले केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 16.9 करोड़ की विकास योजनाओं को हरी झंडी दी। जिसमें सड़कों का निर्माण और पेयजल की आपूर्ति प्रमुख रूप से हैं। इसके साथ ही 12 आंगनबाड़ी केंद्रों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान स्थानीय विधायक दल बहादुर कोरी, डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी श्लोक कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के स्वागत में भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
