Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : रसायन मुक्त जैविक उत्पादों को खान-पान में शामिल करें-लक्ष्मण...

UP News : रसायन मुक्त जैविक उत्पादों को खान-पान में शामिल करें-लक्ष्मण आचार्य

-एमएलसी ने करौंदी में आर्गेनिक हाट का किया उद्घाटन, गो पालन पर जोर

वाराणसी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य लक्ष्मण आचार्य ने जैविक खेती कर रहे किसानों का समर्थन कर गो पालन को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की मांग है कि रसायन मुक्त जैविक उत्पादों को खान-पान में शामिल किया जाय। 
लक्ष्मण आचार्य गुरूवार को नन्दनगर करौंदी में आयोजित आर्गेनिक हाट का उद्घाटन कर उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे। आचार्य ने कहा कि जैविक खेती की परम्परा भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ रही है। ऐसी पारम्परिक जैविक खेती को पुर्नप्रष्ठित कर शुद्ध रसायनमुक्त खाद्य पदार्थो को बाजार तक पूरी प्रमाणिकता व पारदर्शिता के साथ उपलब्ध कराना एक चुनौती पूर्ण कार्य है। ऐसे समय में आर्गेनिक हाट और आर्गेनिक स्टोर चलाने की यह योजना सराहनीय है। 
आईआईटी बीएचयू के पूर्व निदेशक प्रो. एस.एन. उपाध्याय ने भी जैविक खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि शुद्ध खाने के लिए शुद्ध उगाना होगा। जैविक उत्पाद के लिए आर्गेनिक हाट द्वारा मंच प्रदान किया जाना प्रशंसनीय पहल हैं। कार्यक्रम में आईआईटी बीएचयू के मालवीय उद्यमिता संवर्धन केंद्र के प्रोफेसर प्रदीप कुमार मिश्र ने कहा कि आर्गेनिक हाट उन लोगों को बाजार दे रहा है, जो रसायन मुक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहते हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि वह किसान जो जैविक खेती कर रहा है उसे बाजार नहीं मिलता और जो शुद्ध खाना चाहते हैं उन्हें शुद्ध उत्पाद नहीं मिल पाता। 
प्रो. मिश्र ने कहा कि इस अंतराल को दूर करने के लिए आर्गेनिक हाट जैसी परिकल्पना की शुरूआत की गई है। जोकि जैविक कृषि, गो-पालन व कुटीर क्षेत्र में काम कर रहे लोगों के सामूहिक सहयोग से संचालित होगी। आर्गेनिक हाट स्टोर में जैविक,शुद्ध व कुटीर क्षेत्र के उत्पादकों में शहद, मोरिंगा, तुलसी, गिलोय, सतावरी,ए-टू मिल्क, घी तथा चिरईगांव समेत कई दर्जन उत्पाद उपलब्ध है। हाट राष्ट्रीय कृषि विकास योजना,रफ्तार योजना, भारत सरकार की ओर से चयनित कंपनी-आनंद-कानन एग्रीटेक प्रा.लि.से समर्थित है। उदघाटन के अवसर पर प्रोफेसर जे. पी .राय, अरविंद उपाध्याय, अशोक मनवानी , शिप्रा तिवारी , चंद्रशेखर मिश्र ,वल्लभाचार्य पांडेय ,मुकेश पांडेय ,जनार्दन सिंह आदि की भी उपस्थिति रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular