-इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यसमिति का उद्घाटन करेंगे सूर्या
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक एक अक्टूबर को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल व भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या अलग-अलग सत्रों में सम्बोधित करेगें।
युवा मोर्चा की कार्यसमिति में शामिल होने के लिए मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या आ गये हैं। वह गुरुवार को अयोध्या भ्रमण पर गए। दर्शन, पूजा अर्चना के साथ ही उन्होंने युवाओं के कार्यक्रम को भी सम्बोधित किया है। इसके बाद शुक्रवार को कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे।
भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्विवेदी ने बताया कि भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को सुबह 11 बजे युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या सम्बोधित करेंगे। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल सम्बोधित करेगें। जबकि भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्बोधित करेगें।
