मेरठ (हि. स.)। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के हरिनगर में एक युवक ने घर में घुसकर एक महिला की गला रेत कर हत्या कर दी। घटना के बाद लोगों ने आरोपित को दबोच लिया और उसकी जमकर पिटाई करके पुलिस के हवाले कर दिया। युवक पिछले कुछ समय से महिला को परेशान कर रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हरिनगर निवासी असलम कपड़ों का काम करता है। उसकी पत्नी नरगिस क्षेत्र में ही ब्यूटी पार्लर चलाती थी। बुधवार को असलम किसी काम से दिल्ली गया हुआ है और नरगिस घर के काम में जुटी थी। इसी दौरान कोतवाली के पड़ियान मोहल्ले का निवासी जावेद छुरा लेकर नरगिस के घर में दाखिल हो गया। जावेद ने नरगिस को संभलने का मौका दिए बिना उसके गले पर ताबड़तोड़ वार करते हुए महिला को मौत के घाट उतार दिया। घटना के समय घर में मौजूद महिला के बच्चों शाह फैजल, अजीम और अर्श की चीख-पुकार सुनकर क्षेत्रवासी घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। घर में महिला की खून से लथपथ लाश देख क्षेत्र के लोगों के होश उड़ गए। लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपित को धर दबोचा और उसकी जमकर पिटाई की। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। मृतका की बहन आमिश ने जावेद के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। परिजनों के मुताबिक, दो बच्चों का बाप जावेद पिछले काफी समय से महिला को परेशान कर रहा था। पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
UP News : युवक ने की महिला की गला रेतकर हत्या
RELATED ARTICLES
