मेरठ (हि. स.)। खरखौदा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या के बाद शव को जलाया गया है। सात दिन से लापता चल रहे युवक की लाश शुक्रवार को गांव के बाहर एक खंडहर में मिला है। मृतक के परिवार वालों ने चार आरोपितों को नामजद करते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हाजीपुर निवासी 22 वर्षीय यामीन बीती 13 मार्च से लापता चल रहा था। परिवार के लोग कई दिन से यामीन की तलाश में जुटे थे। कोई सुराग ना मिलने पर परिजनों ने गुरुवार को खरखौदा थाने में यामीन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
इसी दौरान शुक्रवार को यामीन का शव गांव के बाहर एक खंडहर में बरामद हो गया। यामीन की हत्या करने के बाद शव को जलाने की कोशिश की गई थी। शव को देखकर अंदाजा हो रहा था कि युवक की मौत को लगभग एक हफ्ता बीत चुका है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इंस्पेक्टर खरखौदा ने बताया कि मृतक की मां हूरा ने गांव के रहने वाले चार लोगों को नामजद करते हुए हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन सभी से मृतक के परिवार की पुरानी रंजिश बताई गई है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है।
