– अज्ञात बदमाशों ने सोते समय घटना को दिया अंजाम
मीरजापुर (हि.स.)। चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में एक युवक की सोते समय अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से गला रेत कर हत्या कर दी । मृतक के भाई ने पड़ोस के 4 लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में सोमवार की रात्रि रविंद्र कुमार निषाद (30) अपने कमरे में सोया था। उसका छोटा भाई धर्मेंद्र कुमार अपनी पत्नी के साथ बगल के कमरे में सोए थे तथा माता दुर्गावती भी पास के एक बगल के कमरे में सो रही थी । रात लगभग साढ़े बारह बजे के बाद गांव में होलिका दहन किया गया। गांव के तमाम लोग होलिका दहन में शामिल होने गए थे। सुनसान पाकर आरोपितों ने छत के सहारे घर में आकर कमरे मे सोते हुए रविंद्र कुमार की गला रेत कर हत्या कर दी। मृतक की माँ दुर्गावती को घर में कुछ हलचल दिखाई दी तो उठ कर देखा कि रविंद्र कुमार की हत्या हो गई है । बिस्तर पर काफी मात्रा में खून फैला था।
दुर्गावती ने यह दृश्य देखकर अपने छोटे पुत्र धर्मेंद्र को आवाज लगाई। दोनों ने कमरे से बाहर मृतक रविंद्र कुमार को आंगन में ले आए और शोरगुल मचाने लगे। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच कर दूर से देखते रहे। एक पड़ोसी ने 108 एंबुलेंस तथा 112 नंबर पीआरवी पुलिस को सूचित किया। सूचना पाते ही 108 एंबुलेंस तथा पीआरबी पुलिस एवं थाना प्रभारी राघवेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। एंबुलेंस की मदद से मृतक रविंद्र कुमार को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के पश्चात सुबह पुलिस अधीक्षक फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस टीम एवं एडिशनल एसपी संजय सिंह मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
बताया जाता है कि मृतक रविंद्र कुमार निषाद की पत्नी पूजा अपने दो पुत्रों अजय (5) और विष्णु (2) को लेकर लगभग 2 महीने से कोलकाता में अपने मायके में रह रही है। रविंद्र कुमार जीविकोपार्जन के लिए मजदूरी करता था।
UP News : युवक की गला रेतकर हत्या, चार के विरुद्ध नामजद तहरीर
RELATED ARTICLES
