Wednesday, February 18, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : यमुना में नहीं गिरेगा गंदा पानी, एसटीपी बनाकर जोड़े...

UP News : यमुना में नहीं गिरेगा गंदा पानी, एसटीपी बनाकर जोड़े जाएंगे नाले : डॉ महेन्द्र सिंह

– जलशक्ति मंत्री ने जनपद मथुरा में बाढ़ सुरक्षा कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
   लखनऊ/मथुरा (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री डॉ महेन्द्र सिंह ने शुक्रवार को मथुरा में ब्रम्हर्षि देवरहा बाबा घाट पर सिंचाई विभाग द्वारा सीट फाइलिंग कार्य तथा बाढ़ निरोधक सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि बाढ़ कार्यों के लिए जनवरी में ही आवश्यक धनराशि स्वीकृत की थी, जिसके कारण बाढ़ संबंधी परियोजनाओं पर समय से कार्य शुरू कराकर पूरा कराने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का का संकल्प है कि मथुरा व वृन्दावन धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थली का चतुर्दिक विकास किया जाए। संत समाज की इच्छा है कि यमुना निर्मल एवं अविरल हो, इसलिए इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। नमामि गंगे की तरह नालों को एसटीपी से जोड़कर यमुना में गंदा पानी को रोका जायेगा और पवित्र यमुना को स्वच्छ एवं निर्मल बनाया जायेगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व में बाढ़ कार्यों के लिए अप्रैल के महीने में धनराशि दी जाती थी और टेन्डर आदि की प्रक्रिया पूरी कराते-कराते बरसात का मौसम आ जाता था। कोई कार्य समय से पूरा नहीं हो पाता था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सारे नियम एवं कानून में परिवर्तन करते हुए जनवरी माह में ही धनराशि अवमुक्त कराने की ऐतिहासिक फैसला लिया। समय से धनराशि प्राप्त होने के कारण मंदिर के पास के कटान के कार्य को समय से पूरा करा लिया गया।
डॉ सिंह ने कहा कि वर्ष 2014-15 में 15 लाख हेक्टेयर जमीन बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई थी। वर्ष 2019-20 में यह घटकर 12025 हे पर आ गई और गत वर्ष 2020-21 में 6886 हे अर्थात 15 लाख हे से घटकर 6000 पर आ गई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में 42 जिले बाढ़ से प्रभावित होते हैं। सभी जनपदों में समय से ऐतिहासिक कार्य हुआ है।
उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रदेश में जनधन की हानि न हो, इसके लिए सभी संवेदनशील जनपदों में बाढ़ निरोधक कार्य कराये जा रहे हैं। वृन्दावन के डूब क्षेत्र में अवैध कब्जा करके कालोनी विकसित किये जाने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वृन्दावन में यदि कोई अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत मिलेगी, उस पर सख्त से सख्त कार्यवाही की जायेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular