– परिवहन, खनिज, राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
हमीरपुर (हि.स.)। मौदहा तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को खनिज, परिवहन एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी में मौरंग से ओवर लोड 44 ट्रकों सीज कर दिया है। इस कार्रवाई से ट्रक आपरेटरों में हड़कंप मच गया है।
जिले में पिछले कई दिनों से मौरंग के ओवर लोड ट्रकों के परिवहन से न सिर्फ सड़के क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, बल्कि हाइवे पर ये ट्रक जाम का कारण भी बनते हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेश्वर त्रिपाठी के निर्देश पर खनिज निरीक्षक राजेश कुमार, नायब तहसीलदार मौदहा दिवाकर मिश्रा, एआरटीओ अर्जुन श्रीवास्तव, वाणिज्य कर अधिकारी एके श्रीवास्तव, सर्वेक्षक वेदप्रकाश शुक्ल व राजस्व निरीक्षक जगदीश दीक्षित ने प्रभारी निरीक्षक सिसोलर रीता सिंह और फोर्स के साथ सिसोलर क्षेत्र में ओवर लोड ट्रकों के खिलाफ अभियान चलाया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी ट्रकों को सीज करके थाना में खड़ा कराया गया है। मौरंग के ओवर लोड ट्रकों पर लाखों रुपये का जुर्माना भी ठोका गया है। इस कार्रवाई से बांदा जिले के मरौली एवं खप्टिहा मौरंग खदानों के संचालकों के साथ ही क्षेत्र के खदान संचालकों में हड़कंप मच गया है।
