Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शिक्षा, स्वास्थ्य व संरक्षण में...

UP News : मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना शिक्षा, स्वास्थ्य व संरक्षण में मददगार : राज्यपाल

झांसी (हि.स.)। उ.प्र की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी में अपने माता-पिता तथा अभिभावकों को खो चुके ऐसे अनाथ व संकटग्रस्त बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संरक्षण के लिए उ.प्र. मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का शुभारम्भ राजधानी के लोकभवन में संयुक्त रूप से किया। जनपद झांसी में विकास भवन सभागार में उक्त कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया।

राज्यपाल ने कहा कि इस योजना से कोरोना महामारी में अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संरक्षण करने में मददगार साबित होगी और ऐसे बच्चें शिक्षित होकर अपना भविष्य बना सकेगें।

मुख्यमंत्री ने अपने सम्बोधन में कहा कि योजना के तहत प्रतिमाह 4 हजार रूपया दिया जायेगा और जिन बच्चों के कोई संरक्षक नहीं होगें ऐसे बालकों को अटल आवासीय विद्यालय तथा बालिकाओं को कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में प्रवेश दिलाकर उनकी पढ़ाई-लिखाई एवं खान-पान की व्यवस्था कराई जायेगी। जनपद झांसी में विकास भवन सभागार में उक्त कार्यक्रम का वर्चुअल में मुख्य अतिथि विधायक गरौठा जवाहर लाल राजपूत एवं विशिष्ट अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य डा.कंचन जयसवाल रही। उन्होंने जनपद में कोरोना महामारी में अपने माता-पिता को खो चुके चयनित 100 बच्चों में से 10 अनाथ एवं सकंटग्रस्त बच्चों को विकास भवन सभागार में प्रतीकात्मक योजना के स्वीकृत पत्र प्रदान किये।

डा. कंचन जायसवाल ने उपस्थित सभी बच्चों को आश्वस्त किया कि सभी को किसी भी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास शैलेष कुमार ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिये कि ऐसे अनाथ एवं संकटग्रस्त बच्चों के सम्बन्ध में निरन्तर जानकारी रखें और उन्हें सभी आवश्यक सेवायें प्रदान करें।

इस अवसर पर सीएमओ डा. जीके निगम,एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी, बाल संरक्षण समिति के सदस्य, बच्चे व अभिभावक उपस्थित रहे। सभी का आभार जिला प्रोबेशन अधिकारी नंद लाल ने किया।

RELATED ARTICLES

Most Popular