गोरखपुर (हि.स.)। जनपद को जल्दी ही एक और विश्वविद्यालय की सौगात मिल सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जनवरी या मकर संक्रांति को आयुष विश्वविद्यालय का शिलान्यास कर सकते हैं। फिलहाल, इस आयुष विश्वविद्यालय का अस्थाई कार्यालय पार्क रोड स्थित सीतापुर आंख अस्पताल के भवन में बना है।
प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के लिए जल्दी ही कुलपति और कुल सचिव की तैनाती की जा सकती है। 22 से 25 लोगों के स्टॉफ की तैनाती की प्रक्रिया भी शासन स्तर पर शुरू हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिलान्यास के पूर्व की सम्पूर्ण प्रक्रियाएं अविलम्ब पूरी करने के निर्देश दिए थे। अब जिला प्रशासन ने विश्वविद्यालय के कुलपति समेत उनके 25 के करीब स्टाफ के बैठने का इंतजाम कर दिया है। स्टाफ की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। शिलान्यास के पूर्व ही विश्वविद्यालय के कुलपति की नियुक्ति भी कर दिए जाने की बात कही जा रही है।
आयुष विश्वविद्यालय का अस्थाई कार्यालय पार्क रोड स्थित सीतापुर आंख अस्पताल के भवन में बनाया जाएगा। यहां जल्दी ही कुलपति व 20 से 25 लोगों का स्टाफ काम करना शुरू कर देगा। यहां आयुष विवि के लिए 03 बड़े हॉल मुहैया कराए गए हैं। कुलपति के रहने के लिए एक बंगला भी आवंटित है। अब केवल कुलपति के नाम की घोषणा ही बाकी है। बताया जा रहा है कि आयुष विवि के नाम महायोगी गुरु गोरक्षनाथ के नाम पर होगा। इसे ‘महायोगी गुरु गोरक्षनाथ उत्तर प्रदेश राज्य आयुष विश्वविद्यालय गोरखपुर’ के नाम से जाना जाएगा। हालांकि यह अभी केवल चर्चा है। इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पहले यहां प्रस्तावित था कार्यालयअस्थायी कार्यालय के लिए पहले राजकीय होम्योपैथ महाविद्यालय गोरखपुर का चयन किया गया था, लेकिन अधिक दूरी होने के कारण जिला प्रशासन से 4000 वर्ग मीटर स्थान की मांग की गई। सीतापुर अस्पताल में इससे ज्यादा स्थान मुहैया हो गया। शिलान्यास के बाद तत्काल निर्माण भी शुरू हो जाएगा। जनवरी में लेटर ऑफ इंटेंट जारी करने की शासन ने तैयारी कर ली है।
अस्थाई कार्यालय में होंगे नियुक्तकुलपति, कुलसचिव, वित्त अधिकारी, सहायक उपकुलसचिव, व्यवस्था अधिकारी, जनसंपर्क अधिकारी, कुलपति के निजी सचिव, लेखाकार के एक-एक पद, स्टेनो एवं कनिष्ठ सहायक के दो-दो, स्टोर कीपर का एक, कंप्यूटर आपरेटर के दो पद एवं चतुर्थ श्रेणी के 10 पदों पर तैनाती होगी।
‘मलमलिया’ मेंबनेगा विश्वविद्यालयजिले की चौरीचौरा तहसील के मलमलिया गांव में 24.29 हेक्टेयर जमीन चिह्नित कर आयुष विभाग के नाम कर दी गई है। प्रदेश में आयुष विश्वविद्यालय खोलने का निर्णय लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले बजट में इसके लिए 10 करोड़ रुपये के बजट का भी प्रावधान किया था।
बोले जिलाधिकारीइस संबंध में जिलाधिकारी के. विजयेंद्र पांडियन का कहना है कि ‘आयुष विश्वविद्यालय के लिए शासन के निर्देश पर सीतापुर आंख अस्पताल में अस्थायी कार्यालय के लिए जगह दी गई है। यहां 20 से 25 लोगों का स्टाफ काम करेगा। कुलपति की स्थायी नियुक्ति भी जल्द होगी। उनके लिए एक बंगला भी आवंटित किया गया है।’
UP News : मुख्यमंत्री कर सकते हैं आयुष विवि का शिलान्यास, कुलपति को मिला कार्यालय
RELATED ARTICLES
