मेरठ (हि.स.)। दीवाली के मौके पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार को सरूरपुर क्षेत्र में छापेमारी की। इस दौरान कई दुकानदार अपनी दुकान बंद करके भाग निकले। टीम ने 223 लीटर वनस्पति घी सील करके सेंपल जांच के लिए भेज दिया। इसके अलावा कई दुकानों से नमूने भरे गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को सरूरपुर ब्लाॅक क्षेत्र में खाद्य पदार्थों की दुकानों पर छापेमारी की। जैनपुर गांव में रसगुल्ले व डोडा बर्फी की दुकानों पर छापा मारा। टीम ने नजाकत अली की दुकान से डोडा बर्फी व कलाकंद सहित तीन नमूने भरकर जांच के लिए भेजे। मौके पर मिले 223 किलोग्राम वनस्पति घी को सील करके उसका नमूना भी भर लिया। जैनपुर में ही टीम ने गुलजार की दुकान से सफेद रसगुल्ले का नमूना लिया। इस बीच आसपास के गांवों में छापामार टीम के आने की जानकार मिलते ही कई लोग अपनी मिठाई की दुकान और मावे की भट्ठियां बंद करके भाग निकले। अभिहित अधिकारी अर्चना धीरान ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए पूरे जनपद में छापामार कार्रवाई की जा रही है। मिलावट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दीवाली के बाद भी टीमें बनाकर छापामार कार्रवाई जारी रहेगी।
