Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : मानसिक रोगियों की दवा और दुआ दोनों कराएं...

UP News : मानसिक रोगियों की दवा और दुआ दोनों कराएं – सीएमओ

– स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 30 मरीजों का पंजीकरण
–  मानसिक स्वास्थ्य शिविर में सामान्य बीमारियों के भी मरीज आए 
हमीरपुर (हि.स.)। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत बुधवार को मौदहा ब्लाक के कम्हरिया गांव की दरगाह पर  मानसिक स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में मरीजों ने पंजीकरण कराकर डॉक्टरों से परामर्श लिया। मरीजों को दवाएं भी मुहैया कराई गई।
शिविर का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.आरके सचान और मौदहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ.अनिल सचान ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में मानसिक रोग से संबंधित 36 मरीज आए, जबकि सामान्य बीमारियों के 30 मरीजों ने पंजीकरण कराकर उपचार कराया। कानपुर के मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ.शशांक माथुर ने मरीजों का परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों और तीमारदारों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी विकारों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। जिला अस्पताल के मनकक्ष की साइको थैरेपिस्ट डॉ.नीता ने भी मानसिक रोगों के विषय में विस्तार से जानकारी दी। सामान्य बीमारियों का चेकअप डॉ.रजत रंजन तिवारी ने किया।
सीएमओ डॉ.सचान ने कहा कि कम्हरिया दरगाह में कैंप करने का मुख्य उद्देश्य जनमानस को जागरूक करना था। साथ ही उन्हें बताना था कि दुआ के साथ-साथ दवा जरूर कराएं। मानसिक बीमारियां कई प्रकार की होती हैं। लोग अक्सर इन बीमारियों को समझे बिना झाड़-फूंक में लग जाते हैं, जो नुकसानदेह साबित होता है। कार्यक्रम में कम्युनिटी नर्स प्रगति गुप्ता भी मौजूद रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular