वाराणसी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस पर मंगलवार को पंचगंगा घाट स्थित राष्ट्रीय स्मारक बिन्दु माधवराव के धरहरे पर ध्वज फहराने जा रहे शिवसैनिकों को कोतवाली पुलिस ने कोतवाली तिराहे के समीप से गिरफ्तार कर लिया और उन्हें थाने ले आई। कोतवाली परिसर में कुछ समय कार्यकर्ताओं को बैठाने के बाद उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत शिवसेना नेता अजय चौबे के नेतृत्व में कार्यकर्ता मैदागिन टाउनहाल के समीप जुटे। कार्यकर्ता तिरंगा लहराते हुए जैसे ही माधवराव धरहरा की ओर बढ़े पहले से मौजूद कोतवाली पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की जिद देख उन्हें थाने लाया गया।
बताते चलें कि शिवसैनिक प्रतिवर्ष 15 अगस्त और 26 जनवरी को पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय स्मारक बिन्दु माधवराव के धरहरे पर ध्वजारोहण करने का प्रयास करते हैं। लेकिन, स्मारक को लेकर विवाद के चलते प्रशासन ध्वजारोहण की अनुमति नहीं देता। शिवसैनिक यहां गिरफ्तारी देकर विरोध प्रदर्शन करते हैं। शिवसेना नेता अजय चौबे ने दावा किया कि इस कार्यक्रम में पचास कार्यकर्ता शामिल हुए।
Submitted By: Shreedhar Tripathi Edited By: Sanjay Singh Fartyal
