Thursday, March 5, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : महापंचायत के एक मंच साझा कर जयंत अखिलेश ने...

UP News : महापंचायत के एक मंच साझा कर जयंत अखिलेश ने केन्द्र व प्रदेश सरकार पर जमकर चलाएं तीर

– मौजूदा सरकार किसानों और मजदूरों की दुश्मन : जयंत चौधरी 
– किसान आंदोलन से घबरा चुकी है भाजपा सरकार : अखिलेश यादव 

मथुरा (हि.स.)। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव एवं रालोद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने शुक्रवार को मथुरा के बाजना स्थित मोरकी इंटर कॉलेज मैदान में किसान महापंचायत को संबोधित किया। किसान महापंचायत के मंच से अखिलेश और जयंत ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। 
शुक्रवार दोपहर बाद किसान महापंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद जयंत चौधरी ने कहा यह मौजूदा सरकार किसानों और मजदूरों की दुश्मन है योगी मोदी दोनों ही उद्योगपतियों के एजेंट है। मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह ऐशोआराम की जिंदगी काट रहे हैं। कहने को वह फकीर हैं। हम और अखिलेश यादव मिलकर आपके सहयोग से इस सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। मुख्यमंत्री कितने भी मुकदमे दर्ज करा लें लेकिन हम तीन काले कानून का विरोध करते रहेंगे।
किसानों को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि किसान आंदोलन से कोई घबराया हो या नहीं, लेकिन भाजपा जरूर घबरा रही है। जिस तरह से आप लड़ाई लड़ रहे हैं, भाजपा को पता चल गया है कि अब किसान नहीं रुकने वाला है। उन्होंने कहा कि जब तक काले कानून वापस नहीं होंगे, यह लड़ाई चलती रहेगी। अखिलेश ने कहा कि महापंचायत में मुझे लाठी भेंट की गई है। हम और जयंत यह जानते हैं कि लाठी कहां पर चलानी है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर यमुना एक्सप्रेस वे पर अनाज मंडियां खोली जाएंगी। जहां किसानों का अनाज उचित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर लिया जाएगा। नये कृषि कानूनों को रद्द कराएंगे। यूपी की कानून व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि अंधेर नगरी चौपट राजा, दिन दहाड़े रेप, रात भर गांजा, जिसको देखना है यूपी में आ जा..। हालात ये है कि पुलिस को नहीं पता कि वह किसको ठोक रही है।
सपा सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा की सरकार ने नोटबंदी की थी, उससे क्या कालाधन वापस आया। जीएसटी कानून लागू किया। इससे कौन सा कारोबार बढ़ गया? वैश्विक महामारी ने जनता ने उस पर भरोसा किया। लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाया, लेकिन भाजपा की सरकार ने अपनी आंखों और कान बंद कर रखे हैं। किसानों का दर्द सुनाई नहीं दे रहा। क्या किसानों की आय दोगुनी हुई है? इस सरकार ने पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। 
योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री भी कम नहीं हैं, कहने को तो वह योगी हैं, लेकिन योगी वही होता है, जो दूसरों का दुख अपना समझे। उन्हें लाल टोपी ही दिखाई देती है। अखिलेश ने कहा कि हमें नहीं पता कि लाल रंग देखकर कोई क्यों भड़क रहा है? अखिलेश ने कहा कि भाजपा साजिश रचने वाली पार्टी है। इसने हमें बांटकर सत्ता पाई है। अब किसान एकजुट होकर भाजपा का सत्ता से हटाएगा।  

अखिलेश ने महापंचायत से पूर्व गोवर्धन पहुंच किए गिरिराज महाराज के दर्शन 

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव धार्मिक दौरे पर शुक्रवार को गोवर्धन पहुंचे। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं के साथ दानघाटी मंदिर में गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। इससे पहले अखिलेश यादव ने गोवर्धन में द ब्रज फाउंडेशन द्वारा बनाए गए ऋण मोचन कुंड का अवलोकन कर कुंड के जल से आचमन ले सूर्य को अर्घ्य दिया। 

RELATED ARTICLES

Most Popular