गाजियाबाद (हि.स.)। डासना स्थित प्राचीन देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद सरस्वती के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को अनेक महिलाओं ने पुलिस मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। पिछले दिनों महंत का सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह भाजपा पार्टी की महिला नेताओं पर आपत्तिजनक टिपण्णी करते दिख रहे हैं। इन महिलाओं ने महंत का बहिष्कार करने की घोषणा की।
गीतांजलि वेलफेयर एजुकेशनल समिति की अध्यक्ष वंदना चौधरी के नेतृत्व में अनेक महिलाएं पुलिस मुख्यालय पर एकत्र होकर प्रदर्शन किया। इन्होंने एक ज्ञापन भी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपा। इसमें कहा गया है कि महंत ने राजनीतिक महिलाओं पर की गई अभद्र टिप्पणी व महिलाओं को कम बुद्धि कहने वाले के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। जिस हिन्दू धर्म की आड़ में यह फर्जी बाबा समाज को अपने दूषित विचारों से गंदा कर रहा है इनकी जन्मकुंडली को खंगाला जाना चाहिए।
इस फर्जी बाबा से सम्मानजनक चोले को उतरवा लेना चाहिए। जिस चोले को महान संत धारण करते हैं, उस चोले की आड़ में यह मानसिक रोगी बाबा इस धर्म को लज्जित कर रहा है। जिस देश में नारियों को देवियों का रूप में पूजा जाता है उस देश में यह बाबा राजनीतिक महिलाओं के विषय में गंदे विचार रखता है। इन पर कानूनी कार्रवाई के तहत मुकदमा दर्ज कर जल्दी से जल्दी गिरफ्तार करके जेल भेज देना चाहिए। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में सपना केसी, किरण पॉपली, रमा गुप्ता, रीता कोहली, रेनू, सुमन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहें।
