Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : मन बहलाने को सियासी पर्यटन पर उप्र आईं हैं...

UP News : मन बहलाने को सियासी पर्यटन पर उप्र आईं हैं राजकुमारी प्रियंका : स्वामी प्रसाद

-काठ ही हांडी हैं प्रियंका, कितनी बार चढ़ाएगी कांग्रेस : मौर्या

-योगी के मंत्री का दावा, उप्र में एक अदद सीट के लिए तरसेगी कांग्रेस

लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दिन करीब आते देख यूपी दौरे पर आईं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को योगी सरकार के वरिष्ठ मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने ‘सियासी पर्यटन’ करार दिया है। उन्होंने कहा है कि कोरोना काल में जब लोगों को भावनात्मक सहयोग की जरूरत थी, तब यही प्रियंका अपने घर में दुबकी हुईं थीं। बच्चों को कोटा से वापस लाने के नाम पर टेंपो और मोटर साइकिल भेजकर भद्दा मजाक कर रहीं थीं। आज जब चुनाव के दिन आ रहे हैं तो इन्हें यूपी की जनता की याद सता रही है।

शनिवार को जारी एक बयान में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या ने कहा कि प्रियंका गांधी ‘काठ की हांडी’ हैं। जनता उन्हें नकार चुकी है। अब यह हांडी बार-बार चुनावी राजनीति के चूल्हे पर नहीं चढ़ सकती।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता कांग्रेस को सिरे से अस्वीकार कर चुकी है। यूपी में इनकी कोई जमीन नहीं है। कांग्रेस की भष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति वाले दिन लद चुके हैं। अब विकास के मुद्दों पर चुनाव होता है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने बीते साढ़े चार सालों में एक नई कार्य संस्कृति विकसित की है। यहां भेदभाव नहीं होता है। सबका साथ लेकर सबका विकास होता है। योगी सरकार को सबका विश्वास हासिल है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस की राजकुमारी प्रियंका वाड्रा मनबहलाने को यूपी आईं हैं। यह चंद रोज की चुनावी धमाचौकड़ी उनके किसी काम नहीं आने वाली। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2022 के चुनाव में कांग्रेस उप्र में एक अदद सीट के लिए भी तरसेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular