– एसएसपी, एसपी सिटी सहित पुलिस ने मौके पर की छानबीन, सीसीटीवी में आई बदमाशों की फुटैज
मथुरा (हि.स.)। मथुरा जिले में मंगला दर्शन को जा रही महिला से बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने चेन तोड़कर लूट ली। वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों से युवक भिड़ गया और डंडा मारकर गिरा दिया। इस पर बदमाशों से उसे पीठ में दो गोलियां मार दी और फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन करते हुए फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
शहर के छत्ता बाजार की पापड़ गली निवासी किशन चतुर्वेदी की पत्नी लता चतुर्वेदी अपनी सहेली सरोज चतुर्वेदी के साथ शनिवार की सुबह इलाके में स्थित मंदिर में मंगला दर्शन के लिए निकली थी। जैसे ही वह महतपुरा गली के पास पहुंची तभी पीछे से बाइक सवार दो नकाबपोश लुटेरों आए और लता के गले पर झपट्टा मारकर चेन तोड़ ली। चेन लूटकर भाग रहे बदमाशों को देख नगला भूतिया कोयला गली निवासी मथुरेश चतुर्वेदी उनसे भिड़ गया। उसने डंडा मारकर भाग रहे बाइक सवार लुटेरों को गिरा दिया। इससे गुस्साएं लुटेरों ने मथुरेश की पीठ पर दो गोली मार दी और भाग निकले। दिनदहाड़े महिला से लूट व विरोध में युवक को गोली मारने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई और क्षेत्रीय भीड़ जमा हो गई।
लूट व गोलीकांड की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. गौरव ग्रोवर, पुलिस अधीक्षक नगर एमपी सिंह, कोतवाली प्रभारी सूरज शर्मा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां उसे रेफर कर सिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डाक्टरों के मुताबिक युवक की हालत खतरे से बाहर है। घटनास्थल पर एसएसपी ने पुलिस टीम के साथ छानबीन की और बदमाशों को लेकर साक्ष्य जुटाएं।
एसपी सिटी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया वारदात कर भागते समय बदमाशों का मोबाइल फोन गिरा है। जिसे कोतवाली पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर बदमाशों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस भी बरामद किए हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, सर्विलांस टीम भी लगी है, घटना का जल्द खुलासा होगा
UP News : मंदिर जा रही महिला की चेन लूटकर भाग रहे लुटेरों ने युवक को मारी गोली
RELATED ARTICLES
