भृष्टाचार के मामले में थाना तालग्राम के प्रभारी निरीक्षक गिरफ्तार
फर्रुखाबाद(हि.स.) । उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले के थाना तालग्राम के निलम्बित प्रभारी निरीक्षक इंद्रपाल सरोज को गुरुवार को भृष्टाचार के मामले में कोतवाली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दो दिन पूर्व एक जमीन विवाद का मामला सुलझवाने के मामले में घूस मांगने और तयशुदा रकम की पहली किश्त दस हजार रुपये लेने का वीडियो वायरल हुआ था। जांच में पुष्टि होने के बाद पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने उनसे चार्ज छीन कर लाइन हाजिर कर दिया था।
प्राथमिक जांच क्षेत्राधिकारी सदर शिव प्रताप सिंह को सौंपी थी। प्राथमिक जांच में दोषी पाए जाने के बाद तालग्राम थाने में इस मामले का अभियोग पंजीकृत किया गया था। इसी मामले में आज उनको सदर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पिछले लोकसभा निर्वाचन के दौरान जिले में स्थानांतरित होकर आए इंद्रपाल सरोज को कलेक्ट्रेट में नामांकन के दौरान भाजपा उम्मीदवार के नामांकन में एक झंडा लगी गाड़ी नामांकन कक्ष तक पहुंचने के मामले में भी आरोप और जांच का सामना करना पड़ा था। तत्कालीन जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार ने इस बारे में निर्वाचन आयोग को भी कार्रवाई के लिए लिखा था। लेकिन, तत्कालीन क्षेत्राधिकारी ने क्लीन चिट दी थी।
इसके बाद इंद्रपाल सरोज को विशुनगढ़ का थानाध्यक्ष बनाया गया था। विशुनगढ़ में एक बड़े और विवादित मामले का अनावरण करने के पुरस्कार स्वरूप उन्हें तिर्वा कोतवाली का प्रभार सौंपा गया था। लम्बे समय तक तिर्वा कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात रहे इन्द्रपाल सरोज को हाल ही में पुलिस कप्तान ने तिर्वा कोतवाली से हटाकर तालग्राम थाने का चार्ज दिया था। तालग्राम थाना क्षेत्र के चौखटा गांव में एक महिला ने खेत पर कब्जा होने की शिकायत करते हुए प्रभारी निरीक्षक इन्द्रपाल सरोज से खेत कब्जा मुक्त कराने की गुहार लगाई थी।
इस मामले प्रभारी निरीक्षक ने 50 हजार रुपये लेने के बाद खेत पर कब्जा दिलाने का भरोसा दिया था। प्रभारी निरीक्षक द्वारा रिश्वत की रकम तय करने और फिर रिश्वत लेने के मामलों के दो अलग-अलग वीडीओ वायरल हुए। अपर पुलिस अधीक्षक का कहना था कि यदि रिश्वत लेने के मामले की वीडियो में पुष्टि हुई तो प्रभारी निरीक्षक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक इन्द्रपाल सरोज को लाइन हाजिर करते हुए मामले की जांच सीओ सिटी शिव प्रताप सिंह को सौंप दी।
इस प्रकरण में दूसरे ही दिन तालग्राम थाने में आरोपित इंस्पेक्टर इन्द्रपाल सरोज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। जबकि सदर कोतवाली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि सीओ की जांच रिपोर्ट में भ्रष्टाचार का मामला पाया गया है। जिसके बाद एसएचओ इन्द्रपाल सरोज को हिरासत में लिया गया है। अब उन्हें मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा जबकि मामले की विवेचना सीओ तिर्वा दीपक दुबे करेंगे।
UP News : भ्रष्टाचार के मामले में थाना तालग्राम के प्रभारी निरीक्षक गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
