प्रतापगढ़ (हि.स.)। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर शनिवार को थाना लालगंज में जिलाधिकारी डॉ. नितिन बंसल ने शिकायतकर्ताओं की शिकायतें सुनी। भूमिधरी भूमि की पैमाइश के मामले में अलग-अलग रिपोर्ट देने की शिकायत मिलने पर राजस्व निरीक्षक को निलंबित किये जाने का निर्देश दिया है।
थाना समाधान दिवस में शिकायतकर्ताओं ने अपनी-अपनी शिकायतें जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत की। थाना समाधान अझारा के शिकायतकर्ता ने बताया कि राजस्व निरीक्षक राम गोपाल शुक्ल द्वारा भूमिधरी जमीन की पैमाइश में दो तरह की रिपोर्ट प्रस्तुत की है, जिसका सही जवाब कानूनगो नहीं दे पाये। जिस पर तहसीलदार लालगंज श्रद्धा पाण्डेय को निर्देशित किया कि कानूनगो को तत्काल निलंबित किया जाये। समाधान दिवस में 22 शिकायतें हुई, जिनमें से तीन का निस्तारण मौके पर हुआ।
जिलाधिकारी ने महिला हेल्प डेस्क पर आयी हुई शिकायतों व उसके निस्तारण की जानकारी प्राप्त की। शिकायतकर्ताओं की शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिये निर्देशित किया। कहा कि थाना समाधान दिवस में राजस्व व पुलिस विभाग से सम्बन्धित जो शिकायतें आती है उन शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता के साथ अगर कर दिया जाये तो अनेक बड़े विवादों से निजात मिल सकती है।
