गोरखपुर (हि.स.) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह के काफिले की एक गाड़ी को बस ने टक्कर मार दी। गलत दिशा से आ रही बस की टक्कर से गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक को हल्की चोट आई है। कुछ देर बाद दूसरी गाड़ी मंगा कर काफिले को रवाना किया गया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह गोरखपुर क्षेत्र के दौरे पर आए हुए थे। मंगलवार देर शाम कुशीनगर जनपद में कार्यक्रम से भाग लेने के बाद अयोध्या के हनुमानगढ़ी के लिए पार्टी के अन्य नेताओं के काफिले के साथ रवाना हुए थे। प्रदेश अध्यक्ष के काफिले में भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीएन पाठक अपनी इनोवा कार संख्या यूपी 58 बीएच 1279 में बैठकर जा रहे थे। काफिला अभी सहजनवां थाना क्षेत्र के सीहापार पुल के पहले गोरखपुर-बस्ती फोरलेन पर ही था कि हादसा हो गया। गलत दिशा से आ रहे एक यात्री बस ने इनोवा को टक्कर मार दी। टक्कर से गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार पीएन पाठक को हल्की चोट आई है। बताया जा रहा है कि गाड़ी के दुर्घटना होते ही सभी गाड़ियां खड़ी हो गयीं। अचानक हुए इस हादसे के बाद काफिले में शामिल सुरक्षाकर्मी सक्रिय हो गए। वे क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी के पास पहुंच गए। थोड़ी देर के बाद दूसरी गाड़ी आने पर प्रदेश अध्यक्ष अपने काफिले के साथ अयोध्या के लिए रवाना हुए। यात्री बस को पुलिस कब्जे में ले लिया है।
UP News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के काफिले की गाड़ी को बस ने मारी टक्कर, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चोटिल
RELATED ARTICLES
