लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के शासन काल में हुए विकास कार्य को देखकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव भयाक्रांत हो गये हैं। उनमें इतनी बौखलाहट हो गयी है कि अब हर विकास कार्य में अपना कार्य बताने की आदत पड़ गयी है। पूरे शासनकाल में तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार, अराजकता को बढ़ावा देने का कार्य करने वाले अखिलेश यादव को आज सपा के शासन काल का झूठा विकास दिख रहा है। यही कारण है कि उनको विन्ध्याचल में बने रोप-वे को भी अपने शासन काल का बताने में हिचक भी नहीं आयी। ये बातें भाजपा नेता चंद्रभूषण पांडेय ने कही।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा किये गये ट्वीट “कुछ दिनों पहले हमने विंध्याचल जाकर देवी माँ का आशीर्वाद लिया था, जिसके प्रतिफल में हमारे समय में पारित ‘रोप वे’ आज साकार हो रहा है, जबकि भाजपा ने इसे अटकाने-लटकाने का हर संभव प्रयास किया था। कोई भाजपाइयों से कहे, कभी अपने किसी एक काम का तो फ़ीता काटिए।” का जवाब सोमवार को दिये।
उन्होंने कहा कि जहां भी भाजपा का विकास कार्य दिखता है। समाजवादी पार्टी को यह बदहजमी हो जाती है। उन्हें विकास कार्य को देखकर आश्चर्य होता है कि यह कैसे हो रहा है। यही कारण है कि सपा प्रमुख और अन्य सपा के लोग उसे अपना बताने की कोशिश करते रहते हैं। यदि कोई कार्य उनके शासन का सपना था, तो वे उसे शुरू क्यों नहीं करा पाये। इसके बारे में उन्हें सोचना चाहिए।
भाजपा नेता चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन काल में यदि कोई काम हुआ तो अराजकता बढ़ाने का, भ्रष्टाचार का, भूमाफिया को बढ़ावा देने का, गुंडागर्दी का। इसके अलावा प्रदेश के विकास में कोई काम नहीं हुआ। सपा के शासन काल का किसानों के गन्ना मूल्य का बकाया भाजपा ने चुकाया है।
