मेरठ (हि.स.)। लालच देकर लोगों के बैंक खातों से रुपये उड़ाने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन बदमाशों ने हाल ही में एक हेड कांस्टेबल के बैंक खाते से रुपये उड़ा लिए थे। पुलिस बदमाशों से पूछताछ में जुटी है।
इनाम निकलने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधी लगातार वारदात कर रहे हैं। मेरठ में एडीजी जोन के कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल गजराज के बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 19 हजार रुपये साफ कर दिए। अपराधियों ने हेड कांस्टेबल को फोन करके बताया था कि उसका लाखों रुपये का इनाम निकला है। दिल्ली ऑफिस में आने पर उसे इनाम दिया जाएगा। इसके बाद मोबाइल पर ओटीपी भेजकर बदमाशों ने हेड कांस्टेबल से उसे बताने के लिए कहा। गजराज ने ओटीपी बदमाशों को बताया दिया। इसके बाद हेड कांस्टेबल के बैंक खाते से अपराधियों ने 19 हजार रुपये उड़ा दिए। हेड कांस्टेबल की शिकायत पर साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी।
टीपीनगर इंस्पेक्टर रघुराज ने बताया कि साइबर सेल की जांच में पता चला कि टीपीनगर निवासी रजत और कुलदीप ने हेड कांस्टेबल के खाते से रुपये उड़ाए थे। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन बदमाशों ने कई वारदातों में अपना हाथ होना स्वीकार किया है। इसके साथ ही एटीएम में कई बार तोड़फोड़ भी कर चुके हैं।
