बांदा (हि.स.)। जनपद के अतर्रा कस्बे में बुधवार को प्रयागराज की ओर से आ रही एक बेकाबू कार सड़क किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे बंजारों की झोपड़ी में घुस गई। इसकी चपेट में आकर चार लोग घायल हो गए। इनमें एक माह के मासूम बच्चे की घटनास्थल पर मौत हो गई। घटना के बाद कार चालक अपनी कार छोड़कर भागने में सफल रहा।
अतर्रा थाना क्षेत्र के बदौसा रोड नेशनल हाईवे पर एक बंजारा परिवार झोपड़ी बनाकर रहता है। परिवार के लोग झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान प्रयागराज की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही कार अनियंत्रित होकर झोपड़ी में घुस गई। जिसकी चपेट में आकर चार लोग गम्भीर रुप से घायल हो गए। इनमें एक माह के बच्चे पप्पू की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि सोनी (18) नगीना (22 )और शिवा (10) को घायल अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। कार छोड़कर भागने वाले आरोपित व्यक्ति की पुलिस तलाश कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। घायलों का इलाज चल रहा है।
