-लुटेरों ने दंपति को मारपीट कर बाथरूम में बंद कर की लूटपाट-पीड़ित को एक सप्ताह पहले तक किराये पर रहे तीन युवकों पर संदेह
हापुड़(हि. स.)। थाना कोतवाली स्थित प्रीत विहार में मंगलवार सुबह तीन हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर एक दंपति को बंधक बनाकर लूटपाट की। लुटेरे लगभग 40 हजार रुपये और लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण लूट कर फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली मार्ग स्थित प्रीत विहार काॅलोनी के डी ब्लाॅक में कमल अग्रवाल अपनी पत्नी शारदा अग्रवाल के साथ रहते हैं। उनकी अपने मकान में ही जनरल स्टोर की दुकान है। कमल अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग आठ बजे एक युवक उनसे गुटखा खरीदने के लिए आया। वह जैसे ही गुटखा लाने के लिए पीछे मुड़े, तो युवक दुकान के अंदर घुस आया और उनकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया। इसी दौरान उसके दो और साथी भी अन्दर आ गए। तीनों बदमाश उन्हें घर के अंदर ले गए। इस दौरान उन्होंने शोर मचाया तो उनकी पत्नी भी छत से नीचे आ गई। बदमाशों ने उन्हें भी काबू में कर लिया और दोनों के साथ मारपीट कर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया।
पीड़ित ने बताया कि उन्हें बाथरूम में बंद कर बदमाशों ने घर की तलाशी लेनी शुरू कर दी। बदमाश सेफ में रखे लगभग चालीस हजार रुपये और लगभग पांच लाख रुपये के आभूषण लूट कर फरार हो गए। उन्होंने शोर मचाया तो आवाज सुनकर पड़ोसी आए और उन्हें बाथरूम से बाहर निकाला। उन्होंने तत्काल फोन काॅल के माध्यम से कोतवाली पुलिस को सूचित किया। दिनदहाडे़ लूट की घटना की जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी सुबोध सक्सेना, पुलिस क्षेत्राधिकारी एस. एन. वैभव पांडे और पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने घटना स्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया। पीड़ित दंपति ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उनके मकान में तीन युवक किराये पर रहते थे। लगभग एक सप्ताह पहले ही उन्होंने कमरा खाली किया था। उन्हें संदेह है कि उन्हीं तीनों युवकों ने लूट की घटना को अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि उन्होंने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित दंपति से पूछताछ की है। निरीक्षण और पूछताछ के आधार पर पुलिस को लुटेरों के सम्बन्ध में कुछ सुराग मिले हैं। लुटेरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की दो टीम गठित कर दी गई हैं। पुलिस टीमों ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। शीघ्र ही लुटेरे पुलिस की पकड़ में होंगे।
