मेरठ (हि.स.)। मेरठ कैंट क्षेत्र में स्थित बीएसएनल के पुराने गोदाम में मंगलवार को भीषण आग लग गई। मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। आग में लाखों के नुकसान की बात सामने आई है।
कैंट एरिया के जीपीओ कंपाउंड में बड़ा डाकखाना परिसर में बीएसएनएल का पुराना गोदाम है। इस गोदाम में टेलीफोन के पुराने उपकरण और पार्ट्स रखे हुए हैं। मंगलवार की दोपहर गोदाम में अचानक आग लग गई। जिसके चलते आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची। तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। फायर बिग्रेड की तीन गाड़ियों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई।
इस दौरान क्षेत्रवासियों में अफरा-तफरी के हालात बने रहे। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बीएसएनल के डिवीजनल इंजीनियर नीरज दीक्षित ने बताया कि आग में लाखों के पुराने स्पेयर पार्ट्स जलकर राख हो गए।
