मेरठ (हि.स.)। मौसम के अचानक करवट बदलने से मैदानी इलाके ठंड से कांप रहे हैं। शनिवार रात को शुरू हुई बारिश रविवार रात तक चलती रही। बारिश व शीत लहर के कारण लोग ठंड में अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। इस दौरान कई घंटे की बिजली कटौती भी हुई।
मौसम के बदलते मिजाज से शनिवार रात से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ चली ठंड हवाओं के कारण लोग अपने घरों में दुबक गए। रविवार को पूरे दिन तेज बारिश होती रही। इसका सीधा असर लोगों के कामकाज पर पड़ा। कई बाजारों में इक्का-दुक्का दुकानें खुली। छुट्टी का दिन होने के कारण अधिकांश लोगों में ही रहे। बागपत और मुजफ्फरनगर के कुछ इलाकों में ओले पड़़े। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि विवि के मौसम प्रभारी डाॅ. यूपी शाही का कहना है कि अभी दो-तीन दिन बारिश होने के आसार है। इससे ठंड में बढ़ोतरी होगी। सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।
शहर में सड़कों पर फैला कचरारविवार को तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया। नालियों से निकलकर कचरा सड़कों पर फैल गया। इस कारण कई जगह पर दोपहिया वाहन सड़कों पर फिसल गए। लोगों ने नगर निगम से सफाई कराने की मांग की।
दिनभर होते रहे बिजली लाइनों में फाल्टबारिश और तेज हवाओं के बीच शहर की बिजली लाइन में फाल्ट होते रहे। इससे जमकर बिजली कटौती हुई। बिजली कटौती होने से पानी की सप्लाई भी बाधित रही। शहर के लिसाड़ी गेट, शारदा रोड, गंगा नगर, जागृति विहार, शास्त्रीनगर आदि इलाकों में बिजली कटौती होती रही। पावर कार्पोरेशन के अधीक्षण अभियंता नगर अशोक कुमार सिंह ने बताया कि फाल्ट रोकने के लिए पावर कर्मचारियों से पेट्रोलिंग कराई जा रही है।
