मेरठ (हि.स.)। खरखौदा थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस की सजगता से एक मासूम की जान जाने से बच गई। बुधवार की शाम अपहृत मासूम को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। मासूम का अपहरण करने वाले उसके पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। आरोपित होमगार्ड का बर्खास्त जवान है।
जाहिदपुर निवासी रोहित का आठ वर्षीय पुत्र प्रियांशु बुधवार की शाम अपने घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक प्रियांशु लापता हो गया। परिजनों ने खरखौदा थाने में घटना की तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई। फुटेज में रोहित का पड़ोसी सोनू बाइक पर मासूम प्रियांशु को ले जाता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस और सर्विलांस की टीम लगातार आरोपित सोनू की तलाश में जुटी थीं।
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि थाना प्रभारी ऋषिपाल शर्मा और उनकी टीम ने गुरुवार की दोपहर आरोपित सोनू को किला परीक्षितगढ़ क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद सोनू के बताने पर पुलिस ने मासूम प्रियांशु को भी बरामद कर लिया। एसएसपी कार्यालय में प्रियांशु के माता-पिता को बुलाया गया। जहां मासूम को सकुशल देखते ही खुशी के मारे उसके मां-बाप की आंखें छलक उठीं। पुलिस ने मासूम प्रियांशु को उसके मां-बाप के सुपुर्द कर दिया है।
एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि आरोपित सोनू होमगार्ड का बर्खास्त जवान है। वह नशे का आदी है। जिसके चलते उसने मासूम का अपहरण किया था। एसएसपी ने 18 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद करने वाली पुलिस टीम को 20 हजार का नकद इनाम देने की घोषणा की है।
