मेरठ (हि.स.)। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एटीएम लुटेरा गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बदमाशों के पास से एटीएम काटने में प्रयोग होने वाले उपकरण बरामद किए। इस गिरोह का सरगना दिल्ली पुलिस का एक बर्खास्त सिपाही है। पुलिस गिरोह के सरगना की तलाश में जुटी है।
सरधना क्षेत्राधिकारी आरपी शाही ने बताया कि बुधवार की रात सरूरपुर थाना क्षेत्र के खिवाई गांव में कुछ बदमाशों ने पंजाब नेशनल बैंक का एटीएम तोड़ने का प्रयास किया था। पुलिस के पहुंचने पर बदमाशों को फरार होना पड़ा। इसके बाद से ही पुलिस इन बदमाशों के पीछे लगी थी। गुरुवार की देर रात सरूरपुर थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने टीम के साथ एक स्विफ्ट कार की घेराबंदी कर ली। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार किया, जबकि तीन बदमाश फरार होने में कामयाब रहे। पकड़े गए बदमाशों के पास से तमंचे, कारतूस, एटीएम काटने में प्रयोग किए जाने वाले गैस सिलेंडर, ऑक्सीजन सिलेंडर, कटर आदि सामान बरामद किया।
पकड़े गए बदमाश गाजियाबाद जनपद के भोजपुर निवासी शाकिर और मोहसिन है। ये बदमाश काफी समय से एटीएम लूट की घटनाओं को अंजाम देते आ रहे हैं। इस गिरोह का सरगना दिल्ली पुलिस का बर्खास्त सिपाही हरियाणा निवासी असलूप है। शुक्रवार को पुलिस ने बदमाशों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
