Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News :बनारसी मटर और बैगन शारजाह भेजा गया

UP News :बनारसी मटर और बैगन शारजाह भेजा गया

-संयुक्त अरब अमीरात वासी भी चोखा और कलौंजी का लेंगे मजा
-किसानों ने किया नये कृषि बिल का समर्थन, बोले-कृषि बिल के चलते उत्पाद हुआ निर्यात

वाराणसी (हि.स.)। बनारसी मटर और बैगन की मांग सात समुद्र पार शारजाह और संयुक्त अरब अमीरात में होने लगी है। भारतीय लोगों के साथ अरब में भी घरों में बैगन के चोखा और कलौंजी लोगों को भाने लगी है। 
मंगलवार को बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से से  पहली बार हरा मटर, बैगन के साथ ताजी सब्जियों का शिपमेन्ट विमान से  शारजाह, संयुक्त अरब अमीरात को सीधे भेजा गया। अध्यक्ष एपीडा, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय एम अंगामुथु एवं वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने हवाई अड्डा के कार्गो सेंटर से मटर एवं रामनगर के सफेद बैंगन के एक बड़े शिपमेन्ट को हरी झंडी दिखाकर  रवाना किया। 
इस अवसर पर अध्यक्ष एपीडा, एम अंगामुथु ने कहा कि वाराणसी सहित आसपास के जिलों में किसानों की पैदावार को लगातार निर्यात करने के लिए पहल हो रही है। इससे उत्तम किस्म की खेती के साथ-साथ किसानों की आय में भी वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि यहा के आम, फल, चावल के बाद अब हरी सब्जियां भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में निर्यात होने लगी हैं। आने वाले दिनों में वाराणसी के इस पूरे परिक्षेत्र को एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट का व फूड प्रोसेसिंग का बहुत बड़ा हब बनाया जायेगा। 
कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि आने वाले समय में वाराणसी से जलमार्ग के रास्ते पानी के जहाज से भी कृषि उत्पादों को बांग्लादेश सहित साउथ एशिया के देशों को सीधे भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे जहां हमारा निर्यात बढ़ रहा है। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हमारे उपज का उचित व अधिक मूल्य मिल रहा है। क्योंकि गुणवत्ता का बीमा लोगो को मिल रहा है और बड़े-बड़े स्टोर में हमारे उपज को लेकर लोग जा रहे है। कमिश्नर ने कहा कि आगामी दिनों में प्रधानमंत्री के लक्ष्य एवं संकल्प के अनुरूप किसानों की आय दोगुना करना है के सिद्धि की दिशा में ठोस एवं कारगर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को उनकी उपज का अच्छा मूल्य दिलाने के लिए एपीडा के माध्यम से विदेशों में निर्यात कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में यहां की सब्जी एवं आम भारी मात्रा में विदेशों में निर्यात किया जायेगा। 

इन किसानों का उपज हुआ निर्यात

वाराणसी के जक्खिनी क्षेत्र के ग्राम सभा तिलंगा के सुरेंद्र कुमार सिंह व शुभम सिंह, विरावकोट के सुनील कुमार का मटर व बैगन शारजाह भेजा गया। बाबतपुर एयरपोर्ट पर मौजूद इन किसानों को अपनी उपज का विदेशी बाजार में जाने और अपेक्षा से अधिक मूल्य मिलने की खुशी उनके चेहरे पर साफ झलक रही थी। इन किसानों ने भारत सरकार के नये किसान बिल का समर्थन करते हुए कहा कि उनके सामानों का विदेशों में निर्यात इसी नये कानून से सम्भव हो पा रहा है।
submitted By: Shreedhar Tripathi Edited By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular