मेरठ(हि.स.)। सर्द रातों में पुलिस के लिए सिरदर्द बने रहे दो शातिर चोर आखिरकार पुलिस के हाथ चढ़ गए। ब्रह्मपुरी पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से भारी मात्रा में चोरी का सामान बरामद किया है।
ब्रह्मपुरी थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि पुलिस ने बुधवार की देर रात चेकिंग के दौरान मेवला फाटक के पास एक्टिवा सवार दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपितों के पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने अपने नाम सरूरपुर निवासी कृष्णपाल और परीक्षितगढ़ के अमरसिंह पुर निवासी मनीष शर्मा बताए। बदमाशों ने बताया कि वह पिछले काफी समय से कंकरखेड़ा की चौधरी कॉलोनी में सुमित मलिक के मकान में किराए पर रह रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक बदमाशों की निशानदेही पर कुछ दिनों पहले आईआईएमटी के सामने स्थित साईं मार्केट में एक दुकान से चुराए गए विभिन्न ब्रांड के रेडीमेड कपड़े, रोहटा रोड स्थित प्रॉपर्टी डीलर की दुकान से चुराए गए एलईडी, बैटरी और इनवर्टर सहित तीन गैस सिलेंडर भी बरामद किए गए। पकड़े गए बदमाश बेहद शातिर चोर हैं, जो अब तक चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। गुरुवार को दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
