मेरठ (हि. स.)। नौचंदी थाना पुलिस ने फौजियों को हनीट्रैप में फंसाकर उनके साथ ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक युवती सहित दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से कई फौजियों से लूटा गया सामान बरामद किया है।
एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि हरियाणा निवासी एक फौजी ने कुछ दिनों पहले नौचंदी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। फौजी का आरोप था कि एक युवती ने उसे दोस्ती के जाल में फंसाकर मेरठ में एक होटल में बुलाया और वहां उसके सामान पर हाथ साफ कर दिया। जिसके बाद होटल के सीसीटीवी कैमरे से फुटेज निकलवा कर पुलिस आरोपित युवती और उसके साथी की तलाश में जुटी थी। पुलिस ने जानसठ के जलालपुर गांव की रहने वाली आरती और उसके साथी मेरठ के मयूर विहार निवासी अंकुर को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों के कब्जे से सोने की एक चेन, पांच मोबाइल, कई आई कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड, वोटर कार्ड और तीन पर्स सहित युवती का मोबाइल नंबर लिखी हुई कई पर्चियां भी बरामद हुईं। पूछताछ के दौरान युवती ने बताया कि वह भीड़भाड़ वाले इलाके में अपना मोबाइल नंबर लिखी पर्ची फेंक देती थी। जिस पर ‘कॉल मी’ लिखा हुआ होता था। युवती और उसके साथी के निशाने पर राजस्थान, हरियाणा और गुजरात के फौजी रहते थे। यदि कोई फौजी इनसे संपर्क करता तो अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों के जाल में फंसाकर युवती उसे मिलने के लिए मेरठ बुला लेती थी। जहां होटल में ले जाकर फौजी के सामान पर हाथ साफ कर देती थी। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपितों को जेल भेजा जा रहा है।
