रायबरेली (हि.स.)। फर्जी महाधिवक्ता बनकर जिलाधिकारी पर रौब गांठने वाले जालसाज को पुलिस ने सर्विलांस की सेल की मदद से दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को कई दिनों से एक व्यक्ति महाधिवक्ता बनकर फोन पर अनुचित दबाब बना रहा था। बातचीत के दौरान जब जिलाधिकारी को कुछ शक हुआ तो उन्होंने लखनऊ में महाधिवक्ता कार्यालय में इस बाबत जानकारी ली। वहां इस तरह के कोई फोन या मामले से जब इंकार किया गया तो पुलिस को जांच करने की जिम्मेदारी मिली। सर्विलांस टीम ने फर्जी महाधिवक्ता के फोन कॉल की जांच जब शुरू की तो वह बछरावां क्षेत्र से कॉल होने की जानकारी मिली।
पुलिस ने जांच तेज करते हुए बुधवार को बछरावां के रहने वाले विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पहले तो विजय ने पुलिस को गुमराह किया, लेकिन बाद में उसने गुनाह करने की बात कबूली। उसने बताया कि वह उसने एक मामले में फर्जी महाधिवक्ता बनकर जिलाधिकारी को फोन किया था। आरोपित को जिलाधिकारी के सामने पेश किया गया, जहां वह माफी मांगने लगा। लेकिन जिलाधिकारी ने आरोपित को पुलिस के हवाले करते हुए जांच कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि इस मामले में आरोपित से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व एसपी श्लोक कुमार को भी मुख्यमंत्री का ओएसडी बनकर फोन किया गया था और अनुचित काम के लिए दबाब बनाया गया था। इस मामले में पुलिस ने आरोपित को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया था।
UP News : फर्जी महाधिवक्ता बनकर जिलाधिकारी पर रौब गांठने वाला जालासाज गिरफ्तार
RELATED ARTICLES
