Tuesday, March 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : फर्जी दस्तावेजो से सेना में भर्ती कराने वाले गिरोह...

UP News : फर्जी दस्तावेजो से सेना में भर्ती कराने वाले गिरोह का खुलासा, जनसेवा केंद्र संचालक समेत चार गिरफ्तार

शाहजहांपुर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में खुटार पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारतीय सेना में भर्ती कराने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक व्यक्ति जनसेवा केंद्र चलाता है।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर संजय कुमार ने बताया कि बुधवार को खुटार पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर भारतीय सेना में भर्ती कराने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपित जनपद लखीमपुर खीरी के थाना मितौली निवासी शहबाज उर्फ सोनू, मुकेश उर्फ गोलू, थाना मैगलगंज निवासी अनिरुद्ध मिश्रा तथा शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र के मोहल्ला गांधीनगर निवासी व जन सेवा केंद्र संचालक आफताब खां उर्फ भूरे है। 
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपितों के कब्जे से फर्जी निवास प्रमाण पत्र, हाईस्कूल अंक तालिकायें, आधार कार्ड, फर्जी घोषणा पत्र आदि सामना भी बरामद हुआ है। 
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2019 में मुकेश व शहबाज की दोस्ती फतहगढ़ में सेना भर्ती के दौरान बुलंदशहर निवासी उपेंद्र व अमन से हो गई थी। जिसके बाद जनसेवा केंद्र संचालक आफताब से साठगांठ कर उपेंद्र व अमन ने फर्जी आधार कार्ड के जरिये खुटार से फर्जी निवास प्रमाण पत्र बनवा लिया और उक्त फर्जी दस्तावेजों के जरिये सेना में नौकरी प्राप्त कर ली। बुधवार की मुकेश, शहबाज व अनिरुद्ध उक्त निवास प्रमाण पत्र का सत्यापन कराने आये थे। शक होने पर पुलिस ने तीनो आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसके बाद मामले का खुलासा हो सका। 

RELATED ARTICLES

Most Popular