मेरठ (हि.स.)। नौचंदी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति को प्रेमिका को शाॅपिंग कराते रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद महिला ने अपने पति की जमकर पिटाई की। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आई। जहां दोनों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
काशीराम कॉलोनी निवासी आयशा के मुताबिक उसका निकाह मुजफ्फरनगर निवासी अल्ताफ के साथ हुआ था। आयशा का आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उसके शौहर अल्ताफ ने आयशा के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके कुछ दिनों बाद आयशा को छोड़ दिया। इसी के साथ अपनी पत्नी का मोबाइल नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। महिला तभी से अपने पति की तलाश में जुटी थी।
सोमवार को आयशा शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट से गुजर रही थी। जहां उसने अपने पति अल्ताफ को एक लड़की के साथ देखा। आयशा के मुताबिक, उसने दोनों का पीछा किया। जिसके बाद अल्ताफ उस युवती को शॉपिंग कराने के लिए गढ़ रोड स्थित एक शॉपिंग सेंटर में घुस गया। जहां से निकलते ही आयशा ने अपने पति को धर दबोचा। पत्नी को सामने देखते ही युवक के होश उड़ गए। इसी बीच गुस्से से बेकाबू महिला ने पति को तमाचा जड़ दिया। जिसके बाद दोनों सड़क पर आपस में भिड़ गए। हंगामे के दौरान पति की महबूबा मौके से फरार हो गई। जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। जहां महिला ने अपने पति पर कई शादियां करने का आरोप लगाया। वहीं युवक का कहना था कि वह आयशा को तलाक दे चुका है। महिला के समर्थन में पहुंची यथार्थ के सारथी संस्था की अध्यक्ष जूही त्यागी ने भी आरोपित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
