प्रादेशिक डेस्क
प्रयागराज। महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के लिए अब प्रयागराज के हर गांव में जल्द ही सेनेटरी नैपकिन की फैक्ट्री लगाई जाएगी। पंचायती राज विभाग की ओर से लगाई जाने वाली इस फैक्ट्री की शुरुआत कौड़िहार ब्लॉक से होगी। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से संचालित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं इन मशीनों से सेनेटरी नैपकिन का उत्पादन कर इसकी बिक्री का जिम्मा उठाएंगी।
मुख्य विकास अधिकारी आशीष कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में अभी भी सेनेटरी नैपकिन को लेकर जागरूकता की कमी है। इसके चलते किशोरियों और महिलाओं में तमाम प्रकार की बीमारियां हो रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य के प्रति महिलाओं को जागरूक करने के लिए और सस्ती दरों पर नैपकिन उपलब्ध कराने के लिए शासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में छोटी-छोटी फैक्ट्री लगाने की योजना है। इससे एनआरएलएम के तहत काम करने वाले स्वयं सहायता समूहों को रोजगार भी मिलेगा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी आएगी। पंचायती राज विभाग की ओर से एनआरएलएम स्वयं सहायता समूहों को मशीन और जगह उपलब्ध कराई जाएगी। कौड़िहार जिले का पहला ब्लॉक होगा जहां पर मशीन लगाई जाएगी। सीडीओ ने बताया कि जो मशीन लगाने की तैयारी है, वह सेमी ऑटोमेटेड होगी, जिससे समूह की महिलाएं इसे आसानी से चला सकें। इसकी लागत लगभग आठ से नौ लाख रुपये होगी। चार अक्टूबर को इसके लिए बोली होगी। कौड़िहार ब्लॉक में इसके सफल होने के बाद जिले के सभी 20 ब्लॉकों में इसे लगाया जाएगा। एनआरएलएम के डीसी अजीत कुमार सिंह का कहना है कि समूह की महिलाओं के लिए लगातार शासन की ओर से तमाम योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में यह योजना भी है।
