Saturday, March 7, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP News : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को...

UP News : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को अब मिलेगी केसीसी की सुविधा

-लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन के लिये किसान सेवा केन्द्र के पोर्टल में विकसित होगा साफ्टवेयर -मत्स्य पालन वाले किसान भी किसान क्रेडिट कार्ड की वित्तीय सीमा बढ़ाने को अब कर सकते हैं आवेदन
पंकज मिश्रा

हमीरपुर (हि.स.)। समूचे बुन्देलखंड क्षेत्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थी किसानों को अब किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) की भी सुविधा दिये जाने का फैसला किया गया है। 
जिला कृषि अधिकारी सरस कुमार तिवारी ने रविवार को हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव डा.देवेश चतुर्वेदी ने सभी जिलाधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारियों व निदेशक कृषि सांख्यिकी एवं फसल बीमा को आदेश जारी करते हुये प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों को भी किसान क्रेडिट कार्ड से संतृप्त किया जाये। इसके लिये किसान अब ऑनलाइन आवेदन भी कर सकता है। कृषि विभाग के पारदर्शी किसान सेवा पोर्टल पर एक एप्लीकेशन साफ्टवेयर विकसित कराया गया है जिस पर किसानों के आवेदन पत्र प्राप्त कर उन्हें निस्तारित कराया जायेगा।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि पूर्व में किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध होने पर पशुपालक या मत्स्य पालक होने पर किसान क्रेडिट कार्ड की वित्तीय सीमा बढ़ाने के लिये भी अब आवेदन कर सकता है। ऑनलाइन आवेदनों का प्रतिदिन अधिकारी जांच करेंगे और एक सप्ताह के अंदर ऑनलाइन आवेदन पत्रों का निस्तारण भी करेंगे। 
कृषि विभाग के 53 कर्मचारी किसानों के भरवायेंगे फार्म
जिला कृषि अधिकारी सरस कुमार तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी किसानों को अब केसीसी की सुविधा उपलब्ध कराने के लिये एक अभियान चलाया जा रहा है। इसमें किसानों के फार्म (आवेदन) बैंकों में भिजवाये जायेंगे। जिले में कार्यरत 53 प्राथमिक कर्मचारियों को किसानों के फार्म भरवाने के लिये लक्ष्य निर्धारित किये गये है। बैंकों में भी 4586 फार्म भिजवाये गये है। जिसमें 3854 प्रार्थनापत्र बैंकों में अभी तक स्वीकृत हुये है। उन्होंने बताया कि 4987 किसानों को केसीसी निर्गत भी करा दिये गये है। 
हमीरपुर में 154443 किसान केसीसी सुविधा से संतृप्त
जिला कृषि अधिकारी सरस कुमार तिवारी ने बताया कि जिले में कुल 217364 किसान खेतीबाड़ी करते है। इनमें  166996 किसानों को केसीसी उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया था जिसमें अभी तक 154443 किसान क्रेडिट कार्ड निर्गत कराये गये है। बैंकों में 12553 किसानों के फार्म अभी लम्बित होने पर ये इस योजना से वंचित है। जल्द ही इन किसानों को भी अभियान चलाकर केसीसी की सुविधा दी जायेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में शेष 62921 किसान भी किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा के लिये किसान सेवा पोर्टल पर आवेदन कर सकते है।

RELATED ARTICLES

Most Popular