Thursday, February 12, 2026
Homeउत्तर प्रदेशUP news : पेपर मिल संचालक पर हमला, हमलावर गार्ड की बंदूक...

UP news : पेपर मिल संचालक पर हमला, हमलावर गार्ड की बंदूक छीनकर फरार

मेरठ (हि.स.)। जानी थाना क्षेत्र में एक खेत से जबरन रास्ता निकालने पर तुले लोगों ने शनिवार को विरोध कर रहे पेपर मिल संचालक पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने पेपर मिल संचालक और उनके साथियों को जमकर पीटा। इस दौरान पथराव और फायरिंग भी की गई। आरोप है कि हमलावर पेपर मिल के गार्ड की बंदूक छीन कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

कमला नगर निवासी सुमित गर्ग की पांचली गांव में जानकी पेपर मिल है। सुमित के मुताबिक , मिल के पीछे स्थित उनकी जमीन के बराबर में पवन मित्तल, नीरज मित्तल और इंदर गर्ग आदि की जमीन है। आरोप है कि यह सभी लोग सुमित की जमीन से जबरन अपना रास्ता निकालना चाहते हैं। जिसके चलते कोर्ट ने भी दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके बावजूद शनिवार को पवन पक्ष के लोगों ने जमीन पर जबरन रास्ता बनाना शुरू कर दिया। सुमित ने विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर हमला बोल दिया। आरोपितों ने पथराव करते हुए सुमित और पेपर मिल के गार्ड वीरेंद्र चौधरी का सिर फोड़ दिया। इसके बाद वीरेंद्र की बंदूक लूट कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। हमले में घायल हुए दोनों व्यक्तियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुमित के भाई अमित ने सभी आरोपितों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। जानी पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जबकि पवन मित्तल ने आरोपों से इनकार किया है।

Submitted By: Dr. Kuldeep Tyagi Edited By: Deepak Yadav

RELATED ARTICLES

Most Popular