मेरठ (हि.स.)। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में मंगलवार को पेट्रोल-डीजल के अवैध गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम में रखे ड्रम धमाके के साथ फटने से गोदाम मालिक सहित दो लोग झुलस गए। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग बुझाई। लोगों ने अवैध गोदाम का विरोध करते हुए जमकर हंगामा किया।
खुशहाल नगर कॉलोनी का रहने वाला कलवा अपने बेटे आबाद के साथ मिलकर पिछले काफी समय से नकली पेट्रोल और डीजल का काम करता है। बताया जाता है कि कलवा ने क्षेत्र में ही गोदाम बनाया हुआ है। लोगों का कहना है कि वह कई बार कॉलोनी की वेलफेयर सोसाइटी से इस अवैध गोदाम की शिकायत कर चुके हैं, लेकिन आज तक भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। मंगलवार को भी कलवा और एक अन्य शख्स गोदाम में केमिकल से नकली पेट्रोल और डीजल बना रहे थे। इसी दौरान अचानक गोदाम में आग लग गई।
आग में कलवा और दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गए, जिसके बाद कलवा का बेटा आबाद दोनों को मौके से लेकर फरार हो गया। उधर, गोदाम में लगी आग बढ़ती चली गई और भीतर रखे केमिकल के ड्रम धमाके के साथ फटने लगे। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में कोहराम मच गया। क्षेत्रीय निवासी अपने घरों को छोड़कर बाहर निकल भागे।
घटना की जानकारी मिलते ही सीएफओ संतोष कुमार राय फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने घंटों तक कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी मची रही। क्षेत्रवासियों ने फायर बिग्रेड के अधिकारियों के सामने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद क्षेत्रीय वेलफेयर सोसाइटी और थाना पुलिस ने इस अवैध गोदाम के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
