जानकी शरण द्विवेदी
लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के दो विधान परिषद सदस्यों घनश्याम लोधी व शैलेन्द्र प्रताप सिंह के साथ ही भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी व गोण्डा जिले के लोकप्रिय डीएम रहे राम बहादुर समेत कुछ पूर्व विधायकों ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष दया शंकर सिंह की मौजूदगी में इन नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। एमएलसी घनश्याम लोधी ने हाल ही में सपा पर दलितों और पिछड़ों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था। इनके अलावा जिन अन्य नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है उनमें शिकोहाबाद के पूर्व विधायक ओम प्रकाश, फिरोजाबाद के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह ’छोटू’ ने भी पार्टी की सदस्यता ली।

दलितों, पिछड़ों के मसीहा हैं राम बहादुर
बसपा सुप्रीमो मायावती से अपनी नजदीकियों के कारण राम बहादुर की गणना प्रदेश के सख्त प्रशासकों में होती थी। समाज के दबे कुचले एवं कमजोर वर्ग के लोगों की मदद करना उनके रक्त में शामिल है। अपनी इसी कार्यप्रणाली के कारण वह गोण्डा में जिलाधिकारी के रूप में काफी लोकप्रिय रहे। एक दशक बीतने के बाद भी वहां के लोग उनका नाम बहुत ही आदर एवं सम्मान के साथ लेते हैं। कलेक्टर के रूप में उनके द्वारा कराए गए विकास कार्य एवं अवैध अतिक्रमण हटवाने का अभियान दशकों तक याद किया जाएगा। जनवादी कवि अदम गोण्डवी के बीमार पड़ने पर उनके मुफ्त इलाज से लेकर, उनको कर्ज मुक्त कराने तथा निधन पर कंधा देकर काफी सराहनीय कार्य किया था। नगर के बीचो-बीच दशकों से अवैध अतिक्रमण में रहे राजकीय इण्टर कालेज के खेल मैदान को मुक्त कराकर बच्चों के लिए खेलने का मैदान उपलब्ध कराने के कारण वह युवाओं में काफी लोकप्रिय हैं। शहर का प्रत्येक युवा उनके नाम का गुणगान करता है। वह सामाजिक कार्यों में काफी बढ़ चढ़कर रुचि लेते थे। किसी भी धर्म, सम्प्रदाय द्वारा आयोजित सामाजिक कार्यक्रमां में खुशी खुशी शामिल होते थे। उनके समय में रेडक्रास संस्था को काफी मजबूती मिली थी। शासन में दुग्ध विकास एवं ग्राम्य विकास सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बाद सेवानिवृत्त होने पर वह बसपा के टिकट पर मोहनलालगंज सीट से 2017 का चुनाव लड़े थे किन्तु मात्र 530 मतों के अंतर से चुनाव हारे थे। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद मोहनलाल गंज सीट से पार्टी द्वारा उन्हें प्रत्याशी घोषित किए जाने की पूरी संभावना है। भाजपा के टिकट पर उनके चुनाव मैदान में उतरने से विजय निश्चित है। यदि ऐसा होता है कि आजादी के बाद यह पहला अवसर होगा, जब इस सीट से भाजपा प्रत्याशी पहली बार जीत दर्ज कराएगा। बताया जाता है कि राम बहादुर इस क्षेत्र में काफी लोकप्रिय हैं और उनके सजातीय मतदाता यहां पर हमेशा निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

पार्टी अध्यक्ष ने किया सभी का स्वागत
पार्टी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रविवार को भाजपा में शामिल हुये सभी नेताओं का पार्टी में स्वागत किया। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भाजपा के उम्मीदवारों की पहली सूची देखते ही सपा ने हार मान ली। यही वजह है कि हताश और निराश सपा, अब हिंसा एवं धमकी की भाषा पर उतर आई है। सिंह ने कहा कि सपा ने गुंडों, माफियाओं और दंगाइयों को अपना ब्रांड एंबेसडर बना रखा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं के उत्साह से निराश सपा नेता अब चुनाव में हिंसा फैलाने की धमकी देने लगे हैं। सपा की तरफ से पोस्ट किया गया एक धमकी भरा वीडियो और सपा नेता अब्दुल्ला आजम का बयान इसका प्रमाण है।
यह भी पढ़ें : जब देश की पहली महिला मुख्यमंत्री को गोण्डा वासियों ने चुना अपना सांसद!
अनुरोध
आप अवगत ही हैं कि हिन्दुस्तान डेली न्यूज देवीपाटन मण्डल का प्रमुख न्यूज पोर्टल है। पोर्टल की महत्वपूर्ण प्रादेशिक व राष्ट्रीय खबरों को भी इस ग्रुप में स्थान मिलता है। अवांछित सामग्री से ग्रुप को बचाने के लिए एडमिन के अलावा अन्य किसी के द्वारा भी पोस्ट किया जाना प्रतिबंधित है। डिस्अपीरिंग मैसजेज की सेटिंग आन होने के कारण ग्रुप पर पोस्ट की जाने वाली सामग्री सात दिन बाद स्वतः नष्ट हो जाती है अर्थात् ग्रुप में जाकर बार-बार ‘क्लीर चैट’ करने की जरूरत नहीं पड़ती है। खबरों की अधिकता को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण खबरें ही ग्रुप पर पोस्ट की जाती हैं। www.hindustandailynews.com पर क्लिक कर पोर्टल की सभी खबरों को आप पढ़ सकते हैं। खबरों को लेकर यदि आपके कोई सुझाव हों तो उनका स्वागत है।
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल/वाट्सएप 9452137310
