लखनऊ (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज प्रदेश मुख्यालय में अलीगढ़ के पूर्व सांसद व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता चौधरी बिजेन्द्र सिंह एवं सहारनपुर के पूर्व मंत्री चौधरी लियाकत अली को सपा की सदस्यता दिलायी। इस दौरान बसपा छोड़कर रामदुलारे भार्गव, अब्दुल राशिद खान सहित तमाम नेताओं ने भी सपा की सदस्यता ग्रहण की।
इस मौके पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकारों में विकास कार्य हुए। विकास कार्य जो आज भी लोगों को दिखायी दे रहे हैं। विकास के मुद्दे पर प्रदेश में चुनाव होने जा रहा है और वर्तमान सरकार विकास के मुद्दे पर विफल रही है। जनता जानती है कि पिछली समाजवादी पार्टी की सरकार में विकास कार्य हुए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बसपा छोड़कर सपा में आये नेताओं का स्वागत है। भाजपा की प्रदेश में सरकार है और जो विकास छोड़कर सभी कुछ कर रही है। समाजवाद के रास्ते पर आने वालों का विश्वास बढ़ा है। धीरे धीरे सपा को मजबूत करने के लिए सभी साथी साथ में आ रहे हैं। निश्चित ही वर्ष 2022 में सपा जनता के भरोसे को जीतने में सफल होगी।
