शाहजहांपुर (हि.स.)। रोजा थानाक्षेत्र में हुई अफजान की हत्या का पुलिस ने खुलासा मंगलवार को कर दिया। पुलिस व एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड में पांच हत्यारोपितो को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस को तीन अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने बताया की थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला गढीगाडीपुरा अफजान(18) की बीती 12 फरवरी की रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अफजान का शव दूसरे दिन थाना रोजा क्षेत्र में खनौत नदी के किनारे एक खेत से बरामद हुआ था।
उन्होंने खुद घटनास्थल का मौका मुआयना किया और थाना रोजा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा और एसओजी प्रभारी रोहित सिंह की संयुक्त टीम गठित कर घटना में संलिप्त अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश टीम को दिए थे।
श्री आनंद ने बताया कि मंगलवार को टीम ने घटना में संलिप्त पांच आरोपितों को मुठभेड़ के दौरान सल्ललिया गांव को जाने वाले रास्ते के मोड़ से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए अरोपित थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला तारीन गाडीपुरा निवासी रविप्रकाश, गौरव कुमार राठौर, सचिन कुमार, अजय कनौजिया और ग्राम बाडीगांव निवासी सोनू उर्फ भूरे है। पुलिस को आरोपतों के कब्जे से तीन अवैध हथियार व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पांचों आरोपित नेपाल भागने की फिराक में थे। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया की पिछले आईपीएल मैच में अफजान व उन सभी लोगों ने रुपये लगाया गया था। अफजान ने एक लाख सत्तर हजार रुपये भी जीत लिए गए। अफजान बार-बार आरोपितों से रुपये मांग रहा था और न देने पर झगड़े की बात करता था। रुपये न देने पड़े इसलिए सोची समझी साजिश के तहत अफजान को फोन कर खन्नौत नदी के किनारे बुलाया। जहां उसकी हत्या कर शव को नदी के किनारे फेंक दिया गया।
पुलिस टीम को पच्चीस हजार का पुरस्कार
पुलिस अधीक्षक एस आनंद ने कहा कि मामला काफी पेंचीदा था। खुलासे के लिए रोजा प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार शर्मा तथा एसओजी प्रभारी रोहित सिंह की संयुक्त टीम काम कर रही थी। जिसने बाखूबी तरीके से काम को अंजाम दिया और नेपाल भागने से पहले ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। इसके लिए टीम को पच्चीस हजार का पुरस्कार दिया गया है।
